संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुष्य नक्षत्र में बाजार भी उछल पड़ा। बृहस्पतिवार का दिन व्यवसाय जगत में सबसे खास साबित हुआ। कपड़ा, सर्राफा, ज्वेलरी से लेकर ऑटोमोबाइल तक के कारोबार में नई चमक दिखी।
शुभ मुहूर्त में लोगों ने जमीनों की रजिस्ट्री भी कराई। बढ़ी हुई बिक्री देख व्यापारी भी निहाल हुए। अनुमान के मुताबिक सौ करोड़ से अधिक का कारोबार केवल इसी दिन हुआ। इससे निजी कोष के अलावा राजकीय कोष में भी उछाल आया है। बड़े उत्पादों की तो पहले से ही बुकिंग चल रही है। पुण्य नक्षत्र में डिलीवरी लेने की धूम मच गई। दो-चार पहिया वाहन और इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद लेने के लिए अलग-अलग शोरूम पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई।
इसके साथ अन्य कारोबार भी चटख हो गया है। अनुमान है कि अब दीपावली तक कारोबार जगत में बढ़ोतरी बनी रहेगी। कपड़ा, शृंगार प्रसाधन, आभूषण आदि का कारोबार ऊंचाई पर होगा।
कारोबारियों ने हर तरह के उत्पादों के भंडारण की व्यवस्था पहले से बना ली है, ताकि ग्राहकों के आने पर उन्हें किस्म-किस्म के उत्पाद दिखाकर आकर्षित किया जा सके। कपड़ा कारोबारी प्रहलाद मोदी ने बताया कि सीजन बदल रहा है। त्योहार भी आ रहे हैं। इसलिए मौसम के अनुकूल कपड़े मंगाए गए हैं। पुण्य नक्षत्र में जिले भर में कपड़ों का एक करोड़ से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
पांडेय बाजार के किराना के थोक कारोबारी अजय गिरोत्रा ने बताया कि त्योहारों के चलते सामग्रियों का डिमांड बढ़ गई है। आटा, चावल, तेल, घी की थोक में खूब बिक्री हो रही है। जिले भर में थोक और फुटकर मिलाकर लगभग पांच करोड़ का किराना कारोबार हुआ है। इलेक्ट्राॅनिक्स एसेसरीज के कारोबारी अभिषेक गुप्ता बताते हैं कि अब दीपावली तक कारोबार में बढ़त बनी रहेगी। टीवी, वाशिंग मशीन, एसी, फ्रीज आदि की बिक्री मिलाकर जिले भर में पांच करोड़ का कारोबार आज के दिन हुआ होगा। ै