कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा सानी के पास खाद लदा पलटा ट्रक।
- फोटो : BASTI
फोरलेन पर खाद लदा ट्रेलर पलटा, चालक गंभीर
महराजगंज (बस्ती)। बुलंदशहर से बिहार जा रहा ट्रेलर हाईवे पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा सानी गांव के निकट अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। एनएचएआई टीम ने काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
खुर्जा (बुलंदशहर) से खाद लादकर ट्रेलर समस्तीपुर, बिहार जा रहा था। शनिवार को तड़के तीन बजे जैसे ही ट्रेलर फोरलेन के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा सानी गांव के निकट पहुंचा, तभी ट्रेलर के सामने जानवर आ गया। उसको बचाने के चक्कर में ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ा कर पलट गया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक फिजरोल (45 वर्ष) निवासी नेहाल, गाजियाबाद और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर उप निरीक्षक तहसीलदार वर्मा और एनएचएआई की टीम पहुंच गई। घायल चालक को एंबुलेंस से सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ट्रेलर पलटने के बाद अयोध्या-बस्ती लेन पर पिकौरा सानी से हर्रेया तक जाम लग गया। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुंवर ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।