बहादुरपुर। नगर थाना क्षेत्र के मटेरा गांव में स्थित मदरसा अरबिया अहले सुन्नत तालीमुल इस्लाम अशरफिया के प्रबंधक पर पंजीकरण के समय शामिल पदाधिकारियों को फर्जी तरीके से मृतक दिखाकर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर अपने सगे संबंधियों को पदाधिकारी बनाने का आरोप लगा है। मोहम्मद नजीर निवासी मटेरा थाना नगर की तहरीर पर पुलिस द्वारा छह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहम्मद नजीर ने लिखा है कि उसके साथ गांव सेराजुद्दीन, मुनव्वर अली, मेहंदी हसन निवासीगण मटेरा थाना नगर मदरसे के संस्थापक सदस्य हैं। 2005 में पंजीकरण के समय नायब सदर के पद पर मुनव्वर अली सेक्रेटरी के पद पर सेराजुद्दीन, वह और मेहंदी हसन सदस्य थे। संस्था के प्रबंधक अब्दुलरब निवासी मटेरा थाना नगर द्वारा प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर व मुहर से 20 मार्च 2009 को उसे मृतक दिखा दिया गया। इसी प्रकार सेराजुद्दीन मुनव्वर अली व मेहंदी हसन को भी जीवित रहते मृतक दिखाया गया। प्रबंधक ने फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर जीवित व्यक्तियों को मृतक दिखाकर कमेटी से नाम निरस्त करवा कर अपने सगे भाई और भतीजा अब्दुल कादिर को नायक सदर अब्दुल रहमान को सेक्रेटरी अब्दुल सलाम को सदस्य चयनित कर लिया। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।