धनतेरस को लेकर शहर में बढ़ी चौकसी,डायवर्ट रहेंगे मुख्य बाजार के मार्ग संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पंच दिवसीय महोत्सव का कार्तिक त्रयोदशी यानी शुक्रवार से आगाज हो रहा है। पहले दिन धनतेरस को अपनी और परिवार, व्यापार की उन्नति के लिए पूजा-आराधना की तैयारी में लोग जुटे हैं। दुकानदार रुझान और पसंद को भांपते हुए ऑफर का पिटारा खोल रखा है। बाजार में सुरक्षा और सजगता के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारियों ने शहर के मुख्य बाजारों में गस्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया। शुक्रवार को मुख्य बाजारों में वाहनों का आवागमन रोका जाएगा।
डीएम अंद्रा वामसी ने बताया कि दीप पर्व पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जीएसटी (आयकर, बिक्रीकर), विद्युत, फूड सेफ्टी, पुलिस आदि की विजिलेंस टीमों के अलावा संबंधित थाने, सर्किल पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी का कहना है कि जरूरत के मुताबिक प्लान तैयार कर लिया गया है। आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाएगा।
इस बार पर्यावरण की सुरक्षा के मद्देनजर शहर ही नहीं, गांव तक के युवाओं में खास क्रेज देखा जा रहा है। शहर के मार्केट में लोगों को लुभाने के लिए सोने-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, कपड़े आदि की दुकानों को आकर्षक झालरों और चमचमाते रोशनी के उपकरणों से सजाया गया है। शहर के गांधीनगर, रोडवेज, पुरानी बस्ती, दक्षिण दरवाजा, मंगल बाजार, कटरा आदि जगहों पर लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की बिक्री के लिए स्टाल लग गए हैं। कपड़ों के ब्रांडेड शोरूम और शॉपिंग माल्स में युवा पीढ़ी का सबसे ज्यादा रुझान देखा जा रहा है। बच्चों और महिलाओं की भीड़ दिख रही है। इलेक्ट्रॉनिक, कपड़े, ज्वेलरी, होम अप्लायंसेज, वाहन, मोबाइल आदि की खरीदारी पर कुछ न कुछ ऑफर लोगों को लुभा रहे हैं।
शहर में आज होगा ट्रैफिक डायवर्जन
- धनतेरस की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन का प्लान बनाया है। जिसमें शुक्रवार को दोपहर के बाद कंपनी बाग से गांधीनगर, मालवीय तिराहा और दक्षिण दरवाजा से करुआ बाबा के स्थान रोड पर आटो और चार पहिया वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए फिलहाल दो रूट पर डायवर्जन की व्यवस्था बनाई गई है। मालवीय तिराहे से कंपनीबाग-गांधीनगर और दक्षिण दरवाजा से करुआ बाबा रोड पर चार पहिया वाहनों के लिए है। अगर भीड़ बढ़ी तो दो पहिया वाहन भी रोक दिए जाएंगे।