बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के डारीडीहा से भद्रेश्वरनाथ के बीच सोमवार को मिले युवती की मौत पानी में डूबने की वजह से हुई थी। पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि हुई। उसके गले और पेट में मिट्टी भी पाई गई। इससे लगता है कि वह जीवित अवस्था में मुंह के बल पानी में गिरी, जिससे पानी के साथ कीचड़ भी उसके मुंह में भर गया। संतकबीरनगर के महुली थाने के बंधूपुर निवासी फूलकुमारी उर्फ मोना के पिता राजमन के अलावा उसकी माता, भाभी आदि पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। उन लोगों ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी शादी बाराबंकी में हुई थी। उसके पति से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। इसलिए वह लगभग छह महीने से उनके पास बंधूपुर में रहती थी। पिता के अनुसार उसे पेट की बीमारी थी। उसी का इलाज कराने वह रक्षा बंधन के दूसरे दिन बस्ती जाने के लिए निकली थी। मगर भद्रेश्वरनाथ के रास्ते पर कैसे पहुंच गई इसके बारे में किसी को कुछ जानकारी नहीं है।
बता दें कि सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के डारीडीहा से भद्रेश्वरनाथ के बीच भैंसहिया ग्राम सभा के बार्डर पर पुलिया के नीचे पानी में युवती का शव मिला था। भैंसहिया के ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव काफी हद तक सड़ चुका था। दाहिने हाथ में फूल कुमारी का गोदना (टैटू) और बाएं हाथ में बिच्छू बना हुआ था। कोतवाल विनय कुमार पाठक ने बताया कि गोदना के जरिए उसकी शिनाख्त महुली थाने के बंधूपुर निवासी फूलकुमारी के रूप में हुई। एसएचओ ने बताया कि परिवार के लोगों ने यहां कुछ भी लिखित तहरीर नहीं दिया है। उन लोगों ने महुली थाने में गुमशुदगी की तहरीर दिया था। जिसके आधार पर महुली थाने में गुमशुदगी दर्ज कर वहां की पुलिस तफ्तीश कर रही है।
भद्रेश्वरनाथ के रास्ते पर पहुंचना बना सवाल
- फूलकुमारी उर्फ मोना की मौत डूबने से हुई है,यह तो पोस्टमार्टम में स्पष्ट हो गया लेकिन जिस जगह उसका शव मिला, वहां पहुंचने को लेकर कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। आम तौर पर महुली से बस्ती आने के लिए कंपनीबाग या अस्पताल चौराहे तक सीधे सवारी मिलती है। शहर से चार किलोमीटर पहले डारीडीहा में उतरने का कोई औचित्य नहीं है। वहां वही लोग उतरते हैं, जिन्हें भद्रेश्वरनाथ जाना होता है। इसलिए यह भी हो सकता है कि वह भद्रेश्वरनाथ दर्शन करने गई हो। कुछ लोग कयास लगा रहे हैं कि शायद वह पैदल भद्रेश्वरनाथ गई हो और बीच में सुस्ताने के लिए पुलिया पर बैठी हो और पानी में गिर गई हो। हालांकि पुलिस गहराई से छानबीन करे तो इस सवालों का सटीक जवाब जरूर मिलेगा।