चौक-चौराहों पर खुली दुकानें भी कर रही है ऑनलाइन डिलीवरी
डिलीवरी के आड़ में परोसा रहे दूषित खाना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आप भी सस्ते के लालच में खाने-पीने का सामान ऑनलाइन बुक कर रहे हैं तो सजग रहें। अनजाने में खुद अपनी सेहत बिगाड़ रहे हैं। सस्ते में मिलने वाले पिज्जा-बर्गर और चिकन की हकीकत यह है कि गली-मोहल्लों में खुली दुकानों और रेस्टोरेंट से यह ऑर्डर दिए जा रहे हैं। वहां सफाई और खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता का कोई खास ख्याल नहीं रखा जाता है। ऐसे में ऑर्डर पर खाने-पीने का सामान मंगाते समय ध्यान दें कि इन दुकान-रेस्टोरेंट में साफ-सफाई का ख्याल रखा जाता है या नहीं।
व्यस्त जीवनशैली और बदलते दौर में घर बैठे खाना मंगाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। शहर की बात करें तो यहां पर डोसा, बर्गर, वेज बिरयानी के अलावा नाॅनवेज की मांग बहुत ज्यादा है। सस्ते के चक्कर में लोग जो खाना मंगा रहे हैं, वह सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
शहर में ऐसी कई दुकानें हैं जिसे सामने से किसी ने नहीं दिखा है, लेकिन वहां दिनभर में सैंकड़ों ऑर्डर आ रहे हैं। शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में खाद्य सामग्रियों की दुकानों और रेस्टोरेंट का जायजा लिया गया तो हकीकत डरावनी नजर आई।
रेलवे स्टेशन रोड के पास एक बाटी-चोखा की दुकान पर पहुंचे तो वहां झाड़ू लगाई जा रही थी। धूल उड़कर उसी बर्तन में जा रही थी, जिसमें चोखा भरा हुआ था। उधर, पैकिंग कर रहे युवक से पूछा तो उसने बताया कि लोग पैकिंग कराकर ले जाते हैं। यही हाल शहर के रोडवेज, जिला अस्पताल, रौता, कंपनी बाग, गांधीनगर, गांधी कला भवन, न्याय मार्ग, तहसील आदि जगहों का है। जहां पटरियों पर सजीं फास्टफूड व अन्य खाद्य सामग्रियों की दुकानों से लोगों को खाने के नाम पर बीमारी खिलाई जा रही है।
...
खुले ही बन रहे वेज रोल व बिरयानी
कंपनी बाग पर गांधी कला भवन नाले से लगी हुई करीब दर्जनभर दुकानें रोज सजती हैं। चूंकि कंपनीबाग बड़ेवन फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में दिनभर यहां धूल उड़ती रहती है। ऊपर से नाले के पास सज रहीं यह दुकानें ग्राहकों को दूषित और गंदा खाना परोस रही हैं। नाले के पास ही दुकान संचालक खाद्य सामग्रियों को रखते हैं। ऐसे में सस्ता और चटपटा खाने के आदी लोगों को समझना होगा कि उन्हें खाने के साथ बीमारियां भी परोसी जा रही हैं।
...
रोडवेज : शहर का एक मात्र नॉन-वेज प्वाइंट
रोडवेज बस स्टेशन क्षेत्र शहर का एक मात्र नॉन-वेज प्वाइंट के रूप में प्रसिद्ध है। शौकीन लोगों की यहां शाम को भीड़ लगती है। चमचमाते बैनर को देखकर ग्राहक दुकानों में बैठ जाते हैं। ज्यादातर दुकानों के सामने खुले में मीट देखने को मिल जाएगा। संचालित हो रहीं करीब आधा दर्जन दुकानों में दिनभर मिक्खयां भिनभिनाती हैं। ऊपर से सड़क से उड़ने वाली धूल मीट पर पड़ती रहती है।
...
नॉन-वेज आइटम की मांग अधिक
शहर में डिलीवरी करने वाले सुजीत कुमार ने बताया कि करीब दो सालों से यह कार्य कर रहे हैं। लोग ऑनलाइन प्लेटफार्म से नॉन-वेज आइटम अधिक मंगाते हैं। इसके अलावा पिज्जा, बर्गर व बिरयानी की मांग अधिक है। पटरियों पर दुकान सजने वाली दुकानें भी ऑनलाइन डिलीवरी कर रही हैं।