बनकटी। नगर पंचायत बनकटी कस्बे में रास्ते को लेकर महीनों से चला आ रहा विवाद आखिरकार शुक्रवार को समाप्त हो गया। कस्बा निवासी सुधा सिंह और हनुमान पाल व चंदन पाल के बीच गली बंद करने को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर रास्ता बंद करने का आरोप लगाते हुए अधिशासी अधिकारी और एसडीएम सदर को शिकायती पत्र दिया था। बुधवार को सुधा सिंह की शिकायत पर अधिशासी अधिकारी राहुल यादव और लालगंज थाने की पुलिस ने वार्ड सभासद और मोहल्ले के लोगों के साथ दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष रास्ता खोलने पर राजी नहीं हुए और टीम को बैरंग लौटना पड़ा। एसडीएम सदर के निर्देश पर शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी राहुल यादव, वार्ड सभासद, लालगंज पुलिस और नगर पंचायत कर्मियों की टीम फिर मौके पर पहुंची। टीम के संयुक्त प्रयास से बंद पड़ी गली,नाली व मार्ग में गिराया गया रोड़ा-मलबा हटवाकर मार्ग को पूरी तरह बहाल करा दिया गया।