टिनिच। सल्टौआ ब्लॉक के विभिन्न गांवों में कीटों के प्रकोप से गन्ने की फसल बुरी तरह प्रभावित है। किसानों ने छिड़काव कराने की मांग की है। क्षेत्र के तिनहरी, बजहिया, पंडितपुर, बदलूपुर, निद्धीपुर, नोनहा बसहवा, बेलवाडाड़, आमा, भदना, धनघटी, शिवपुर, सुल्तानपुर, झलहनिया आदि गांवों में टिड्डों का प्रकोप है। टिड्डोेें का झुंड गन्ने की पत्तियों को चट कर रहे हैं। इससे कहीं-कही गन्ना सूख रहा है व बढ़त रुक गई है। किसान गंगाराम चौधरी बताते हैं कि यदि टिड्डों की रोकथाम नहीं हुई तो प्रति बीघा एक से दो क्विंटल गन्ना उत्पादन कम होगा। वहीं, उमाशंकर कहते हैं कि नकदी फसल को कीट बर्बाद कर दे रहे हैं। किसान रामराज पांडेय, सुभावन चौधरी, कृष्ण मणि त्रिपाठी ने बताया कि यदि समय से इन कीटों की रोकथाम नहीं की गई तो फसल चौपट हो जाएगी। किसान जटाशंकर पांडेय ने फसलों में कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की है। संवाद