सावधान! लॉकडाउन शुरू, बेवजह घर से न निकलें
बस्ती। कोविड-19 के प्रभावी नियंत्रण के लिए शुक्रवार की रात 10 से 20 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन रहेगा। यह जानकारी डीएम आशुतोष निरंजन ने दी है।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में सभी कार्यालय, शहरी एवं ग्रामीण बाजार, हाट, गल्ला मंडी तथा व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति चालू रहेगी। इन सेवाओं में कार्यरत व्यक्ति, स्वच्छता कर्मी तथा डोर स्टेप डिलीवरी से जुड़े व्यक्तियों के आने-जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। रेलवे का आवागमन पूर्व की भांति जारी रहेगा। रोडवेज की बसों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा, लेकिन जिला प्रशासन से ड्यूटी में लगाई गईं बसें प्रतिबंध से मुक्त रहेंगी। मालवाहक वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर परिवहन जारी रहेगा। हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप एवं ढाबे खुले रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित कोविड-19, संचारी रोग सर्विलांस अभियान चलता रहेगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र में औद्योगिक कारखाने खुले रहेंगे। शहरी क्षेत्र में औद्योगिक कारखाने बंद रहेंगे। पीडब्ल्यूडी के बड़े निर्माण कार्य, सरकारी भवन तथा निजी प्रोजेक्ट जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस अवधि में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण करेंगे।