संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 के लिए जिले में 122 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इस पर प्रबंधक, प्रधानाचार्य, छात्र व अभिभावकों से 28 दिसंबर तक आपत्ति मांगी गई है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से कुल 401 विद्यालय संचालित हैं। इसमें 22 राजकीय, 70 वित्त पोषित व 309 वित्त विहीन विद्यालय शामिल हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए जिले से करीब 78 हजार 206 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है। इसमें हाईस्कूल के 42 हजार 306 और इंटरमीडिएट के 36 हजार 274 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। वहीं पिछले वर्ष 87 हजार 248 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल व इंटर 2024 परीक्षा के लिए बोर्ड ने बृहस्पतिवार को 122 परीक्षा केंद्रों की सूची प्रस्तावित की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ला ने बताया कि बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची जारी हो गई है। प्रबंधक, प्रधानाचार्य, छात्र व अभिभावकों से 28 दिसंबर तक आपत्ति मांगी गई है। आपत्तियां ई-मेल आईडी - boardexam2024.basti gmail.com पर एवं ऑफलाइन डीआईओएस कार्यालय में की जा सकती है। डीआईओएस ने कहा कि 28 दिसंबर के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।