हर्रैया(बस्ती)। पुलिस ने गैंगस्टर के तहत शराब माफिया की संपत्ति कुर्क कर जब्त की है। शराब तस्करी के आरोप में जेल गया अभियुक्त फिलहाल जमानत पर है। थाना क्षेत्र के नरायन पुर तिवारी गांव निवासी राजू गुप्ता उर्फ जल्लाहे लंबे समय से शराब तस्करी से जुड़ा हुआ है। पिछले वर्ष टैंकर से बरामद शराब की बड़ी खेप के मामले में उसका नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने उसकी आपराधिक गतिविधियों व उससे अर्जित संपत्ति की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज कर कार्रवाई की अनुमति मांगी थी। जिलाधिकारी की संस्तुति मिलने पर रविवार को प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह, नायाब तहसीलदार शौकत अली व राजस्व टीम आरोपी के निवास कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भावपुर गांव में पहुंची। अपराध से अर्जित धन से पत्नी के नाम बैनामे की जमीन में बने अनुमानित एक करोड़ कीमत का मकान, कार व बाइक को जब्त कर लिया। एसएचओ ने बताया कि आरोपी अभी जमानत पर है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।