अमरौली शुमाली टोला रामनगर में करंट से निजी लाइनमैन के मौत पर पुलिस व जुटी भीड़
करंट से लाइनमैन की मौत, मार्ग अवरुद्ध कर लोगों ने जताया रोष
- खराबी ठीक करने खंभे पर चढ़े निजी लाइनमैन की हुई थी मौत
- सोनहा थानाक्षेत्र के अमरौली शुमाली चिरैयाडाड़ की घटना
-इसी थाना क्षेत्र के औड़ जंगल टोला सुल्तानपुर के निवासी थे राम नरायन
संवाद न्यूज एजेंसी
सल्टौआ (बस्ती)। सोनहा थाना क्षेत्र के अमरौली शुमाली चिरैयाडांड़ स्थित राजकीय नलकूप संख्या 111 पर खराबी ठीक करते समय अचानक करंट आ जाने से निजी लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर थाना क्षेत्र के लौकी गांव के पास शव ले जा रहे वाहन को रोककर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी अतुल आनंद ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया। इस बीच लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
थाना क्षेत्र के औड़ जंगल टोला सुल्तानपुर निवासी राम नरायन (45) पुत्र लालता निजी तौर पर लाइनमैन का काम करते थे। विद्युत उपकेंद्र भानपुर के सोनहा फीडर पर रविवार सुबह से ही लोकल फॉल्ट के चलते विद्युत आपूर्ति ठप थी। काफी प्रयास के बाद रात आठ बजे तक चौकवा गांव तक ही आपूर्ति बहाल हो सकी। सोमवार सुबह दोबारा खराबी खोजने का काम शुरू कर दिया गया। परिवार के लोगों का आरोप है कि एक संविदा लाइनमैन सुबह उनके घर आए व राम नरायन को अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद उनकी मौत की सूचना मिली। घटना के बाद साथी कर्मचारी शव को छोड़कर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि दिवंगत के पिता की तहरीर पर अवर अभियंता, संविदा लाइनमैन संकटा प्रसाद व सब स्टेशन ऑफिसर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के दौरान क्या कुछ हुआ, इसकी जानकारी ली जा रही है।