कोलकाता की एक फैक्टरी से एसी मंगाने के लिए दिए थे रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कुशीनगर में बन रहे उद्यान फार्म में लगाने के लिए सस्ती एसी मंगाने के चक्कर में जालसाज ने बस्ती के ठेकेदार को आठ लाख रुपये का चूना लगा दिया। कोलकाता के जालसाज का पता लगाकर हार मान चुके ठेकेदार ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने जालसाज पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इस संबंध में शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरिहवा आंशिक आवास विकास काॅलोनी निवासी दीपेंद्र पाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उन्हें कुशीनगर में बन रहे उद्यान फार्म में आपूर्ति के लिए 30 एयर कंडीशनर की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने एसी मैकेनिक जुबेर से संपर्क किया। उसने कोलकाता की एसी फैक्टरी के बारे में बताया। कहा कि वहां का एक व्यक्ति उसके जान पहचान का है। फैक्टरी से सस्ता एसी दिलवा देगा।
जुबेर कोलकाता ले जाकर एक व्यक्ति से मुलाकात कराया। वहां से लौटने पर 14 जनवरी को वसीम अख्तर निवासी नवाब अब्दुल लतीफ स्ट्रीट पार्क स्ट्रीट कोलकाता, पश्चिमी बंगाल के खाते में आठ लाख रुपये भेज दिए। रुपये लेने के बाद वसीम अख्तर का कोई पता नहीं लग रहा है।