कीटनाशक दुकान की जांच करते अधिकारी।
डीएम के निर्देश पर चारों तहसीलों में मारा गया छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीएम अंद्रा वामसी के निर्देश पर शनिवार को कीटनाशक विक्रेताओं की 18 दुकानों पर छापा मारा गया। इस दौरान 15 नमूने लिए गए।दो विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए और तीन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा ने बताया कि भानपुर व रुधौली में उनके नेतृत्व में दुकानों पर छापा मारा गया। हर्रैया में जिला कृषि अधिकारी मनीष कुमार सिंह व सदर तहसील में डीडी कृषि अनिल कुमार ने छापा मारा। छापे की भनक लगते ही गुप्ता खाद भंडार चंद्रभानपुर भितेहरा रुधौली व प्रखर बीज भंडार रुधौली रोड भानपुर के संचालक प्रतिष्ठान बंद कर भाग गए। दोनों को दोषी मानते हुए उनका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
इफ्को ई-बाजार भानपुर व प्रज्ञा बीज भंडार रुधौली के अभिलेख अपूर्ण मिले। दोनों संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। स्टॉक रजिस्टर अपूर्ण मिलने पर बभनान के मौर्या बीज भंडार संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।