भानपुर। तहसील में तैनात लेखपालों ने अंतर मंडली स्थानान्तरण के लिए शासनादेश जारी कराने को लेकर क्षेत्रीय विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के हवाले से लेखपालों ने लिखा है कि लेखपाल राजस्व विभाग का अल्प वेतन भोगी कर्मचारी हैं। ऐसी दशा में लेखपालों की परेशानियों को संज्ञान में लेते हुये पिछले दिनों 23 अगस्त 2018 को अंतर मंडलीय स्थानांतरण हेतु शासनादेश निर्गत किया गया था। जिसमें दो बार में लगभग 700 लेखपाल अपने गृह मंडल पहुंच चुके हैं। कहा है कि उक्त शासनादेश के अनुसार गृह मंडल में अंतर मंडलीय स्थानांतरण हेतु राजस्व परिषद द्वारा मई के अंतिम सप्ताह में आनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए थे लेकिन अभी तक स्थानांतरण आदेश निर्गत नहीं हो सका है। लेखपालों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए अंतमंडलीय स्थानांतरण आदेश निर्गत करवाया जाए ताकि अन्य लेखपालों को भी इसका लाभ मिल सकें। इस मौके पर सभी लेखपाल मौजूद रहे।