बस्ती। सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि के संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। पखवारे भर में बंजर एवं रास्ते की भूमि को अभिलेखों में हेरफेर कर अपने नाम दर्ज किए जाने का दूसरा मामला पकड़ में आया है। इस बार सदर तहसील क्षेत्र के गनेशपुर में सरकारी भूमि हड़पने के मामले में संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एसडीएम सदर विनोद कुमार पांडेय को शिकायत मिली थी कि गनेशपुर में रास्ते एवं बंजर भूमि को एक व्यक्ति को अपने नाम दर्ज करा लिया है। एसडीएम ने जांच टीम गठित की। छानबीन में पता चला कि हनुमान प्रसाद पुत्र भागीरथी निवासी बंधुवा थाना वाल्टरगंज ने उक्त भूमि को सरकारी अभिलेख में अपने नाम अंकित करा लिया है। एसडीएम के आदेश पर संबंधित व्यक्ति को भूमाफिया करार देते हुए उसके विरुद्ध वाल्टरगंज थाना में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ है।