संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर अधिक से अधिक कारोबार के लिए सराफा बाजार सजकर तैयार है। विभिन्न तरह के लुभावने ऑफर के साथ कारोबारी सोना-चांदी, डायमंड की बिक्री कर 30 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाए हैं।
गोल्ड मेकिंग और डायमंड ज्वेलरी के वैल्यू पर 20 से 25 प्रतिशत तक की छूट ग्राहकों काे शुभ-लाभ होने का अहसास कराएगी। ऑटोमोबाइल और अन्य कारोबार में उछाल आने की उम्मीद है। इस बार व्यापारियों ने दिल खोलकर ऑफर दिए हैं। ज्वेलरी के बड़े शोरूम में छूट और 100 प्रतिशत गारंटी एवं वापसी के लुभावने पोस्टर ग्राहकों को खूब भा रहे हैं।
मान्यता है कि पुष्य नक्षत्र में सोने-चांदी के आभूषण खरीदना काफी फलदायी होता है। इस कारोबार के लिए धनतेरस के पहले यह सबसे अच्छा अवसर है। इसीलिए छोटे-बड़े सभी सराफा कारोबारी नए डिजाइनों के आभूषणों का स्टॉक रखे हैं। छूट के ऑफर भी दिए जा रहे हैं।
आभूषण की प्रतिष्ठित कंपनियों के शोरूम भी सजधज कर तैयार हैं। मुंबई, कोलकाता, दिल्ली आदि महानगरों से आभूषणों की आवक सुनिश्चित की गई है। महिलाओं के आभूषणों का कलेक्शन खास अंदाज में किया गया है।
नाक, कान और गले के लिए डिजाइनयुक्त आभूषण महिलाओं को खूब लुभा रही हंै। कुछ दुकानों पर आभूषणों की बुकिंग पर भी ऑफर दिए जा रहे हंै।