लालगंज क्षेत्र के बानपुर के रहने वाले थे सोमई
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर गांव में बृहस्पतिवार रात युवक का फंदे से लटका शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की वजह परिवार के लोग कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बानपुर निवासी 30 वर्षीय सोमई पुत्र सजन लाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पाल रहा था। बृहस्पतिवार को पत्नी व परिवार के अन्य लोगों के साथ गेहूं की कटाई कर घर आया। सभी लोगों के खाना खाकर कर सो गए। दो-तीन घंटे बाद पत्नी बबिता की नींद खुली तो पति को बिस्तर पर न पाकर इधर-उधर ढूंढने लगी। घर के दूसरे कमरे में ढूंढते पहुंची तो दरवाजा अंदर बंद था।
शक होने पर एक-दूसरे दरवाजे से अंदर गई तो छत के कुंडे से लटका शव देखकर होश उड़ गए। पत्नी दहाड़ मार कर चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग व आसपास के लोग पहुंच गए। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर शव को फंदे से उतारा गया। परिवार में 28 वर्षीय पत्नी बबिता के अलावा बेटी आंशिक 10 वर्ष, अनामिका 6 वर्ष, राधिका 3 वर्ष व पिता सजनलाल का रो-रोकर बुरा हाल है।