बस्ती। गोलगप्पे का पैसे मांगने पर चाट बेचने वाले दुकानदार काे चाकू मारने के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया। जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शहर के विशुनपुरवा मोहल्ला निवासी सन्नी (24) बेलवाडाड़ी मोहल्ले में चाट का ठेला लगाता है। उसके परिवार वालों का कहना है कि सोमवार की रात विशुनपुरवा निवासी मोनू उसकी दुकान पर चाट खाने गया। चाट खाने के बाद पैसे देकर चला गया। देर रात सन्नी ढेला लेकर घर लौटने लगा तो रास्ते में ओरीजोत भट्ठे के पास मोनू दोबारा मिल गया। उसने बिना पानी के गोलगप्पे खिलाने को कहा। एक प्लेट गोलगप्पे खाने के बाद दुकानदार सन्नी के पैसे मांगने पर विवाद हो गया। आरोप है कि मोनू पैसे देने के बजाए उसके साथ मारपीट करने लगा। पहले दुकानदार को ईंट से मारा और उसके बाद ठेले से प्याज काटने वाला चाकू उठाकर युवक की गर्दन पर तबाड़तोड़ वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घायल सन्नी के परिवार वालों ने मोहल्ले के मोनू के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल विजय कुमार दुबे ने बताया कि शिवम उर्फ मोनू गौड की तहरीर पर मोनू मेहतर उर्फ रवीन्द्र निवासी मोहल्ला विशुनपुरवा थाना कोतवाली के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।