कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रियंका निरंजन ने प्रेस वार्ता की।
बस्ती। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के तृतीय संस्करण की मशाल रैली 20 मई की शाम पांच बजे संतकबीरनगर जनपद से बस्ती सीमा में प्रवेश कर जाएगी। यह अगले दिन 21 मई को सुबह 6 बजे शास्त्री चौक से प्रारंभ होकर जीजीआईसी पहुंचेगी। जहां सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति करेंगे। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है।
यह बातें जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहीं। वह बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने खेलो इंडिया मशाल यात्रा के तृतीय संस्करण का विस्तृत विवरण पेश किया। कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स- 2022 का आयोजन 25 मई से 5 जून 2023 तक होगा। खेलों का उद्घाटन लखनऊ तथा समापन वाराणसी में होगा। इसके तृतीय संस्करण के शुभांकर का नाम जीतू दिया गया है। जीतू प्रदेश का राजकीय पशु बारहसिंहा है। कहा कि इस गेम के तृतीय संस्करण में देशभर के 200 यूनिवसिर्टी में 4754 एथलीट 10 दिन तक 21 खेलों में पदक के लिए 1500 वालंटियर स्टाफ के साथ जोर आजमाइश करेंगे। तृतीय संस्करण की मशाल रैली 20 मई की शाम 5 बजे तक बस्ती पहुंचेगी। अगले दिन यह शास्त्री चौक से चलकर जीजीआईसी में पहुंचेगी। यहां सभी विद्यालयों के बच्चों को इस कार्यक्रम से अवगत कराया जाएगा। बताया कि तिथिवार विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया है। वालीबाल 24 से 27 मई, फुटबाल (महिला) 24 मई से 2 जून, टेनिस 24 से 30 मई, तलवारबाजी 31 मई से 3 जून तक इकाना स्पोर्ट्स सिटी में होगा। तीरंदाजी 29 मई से 2 जून, जूडो 31 मई से 3 जून, मलखंभ 24 से 27 मई 2023 बीबीडी यूनिवर्सिटी, बैडमिंटन 29 मई से 2 जून, टेबुल टेनिस 24 से 27 मई यूपी बैडमिंटन अकादमी, रग्बी 24 से 26 मई, एथलेटिक्स 29 से 31 मई, हॉकी 26 से 1 जून, फुटबाल (पुरूष) 24 मई से 2 जून तक स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ, योगासन 1 से 3 जून, कुश्ती 26 से 29 मई वाराणसी में होगा। नौकायन 27 से 31 मई गोरखपुर, तैराकी 26 से 29 मई, कबड्डी 23 से 27 मई, बाक्सिंग 29 मई से 2 जून, बास्केटबाल 24 से 27 मई, वेटलिफ्टिंग 31 मई से 1 जून 2023 गौतमबुद्धनगर में तथा शूटिंग प्रतियोगिता 25 से 31 मई तक दिल्ली में आयोजित होगी।