बस्ती। मानसून की बेरुखी से किसान परेशान हैं। वह आसमान में छाए काले घने बादलों को देखकर रोज बारिश का इंतजार कर रहे हैं। एक जून से अब तक जिले में 10 मिली भी बारिश नहीं हुई है। जबकि जून में कम से कम 100 मिली बारिश होनी चाहिए थी। किसान बीज और उर्वरक खरीदकर फसलों की बुवाई के लिए खेत में नमी का इंतजार कर रहे हैं।
जिले में हफ्तेभर से घने बादल छाए हुए हैं। अभी तक छिटपुट हल्की बारिश ही हुई है। मौसम विज्ञानी बताते हैं कि मानसून सक्रिय है। किसान पूछ रहे हैं कि यह कब तक मेहरबान होगा। उल्लेखनीय है, कि खरीफ फसलों में मुख्य तौर पर उड़द, तिल, धान, मूंग, अरहर आदि की खेती जिले में होती है। कृषि विभाग ने करीब 1.20 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया है। बुवाई का समय भी चल रहा है। लेकिन जून में खेतों की प्यास बुझाने भर की बारिश न होने से बुवाई अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
-
15 जुलाई तक नहीं हुई बारिश तो हाथ से निकल जाएगा बुवाई का समय
- कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेमशंकर ने बताया कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय 15 जून से 15 जुलाई तक होता है। जून माह बीत चुका है। ऐसे में यदि जल्द ही बढि़या बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों की बुवाई का समय हाथ से निकल जाएगा।
-