फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पवित्र सरयू से जल लेने निकले कांवड़िया, अधिकारियों ने लिया जायजा

विज्ञापन
विज्ञापन
जल लेने निकला कांवड़ियों का जत्था, डीएम ने तैयारियों का जायजा
विज्ञापन

बस्ती। पावन श्रावण मास में देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों की टोलियां सरयू नदी की तरफ बढ़ने लगी हैं। कांवड़ यात्रा के विभिन्न रूटों का डीएम ने जहां निरीक्षण किया वहीं, देवीपाटन रेंज के डीआईजी व बस्ती के एसपी ने कांवड़ रूट का मुआयना कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने 25 व 26 जुलाई को स्कूलों को बंद रखने का निर्देश बीएसए को दिया है।
डीएम प्रियंका निरंजन व एसपी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बस्ती-अयोध्या फोरलेन स्थित कप्तानगंज कस्बे का निरीक्षण किया। उसके बाद डीएम व अधिकारियों ने भद्रेश्वरनाथ मंदिर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। यहां जिला पंचायत ने बैरिकेडिंग की है और फिसलन से बचने के लिए मैट लगवाया है। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कैंप व एंबुलेंस का इंतजाम किया है।
विज्ञापन

डीएम ने कांवड़ यात्रा के दौरान पड़ने वाले ढाबों व होटल संचालकों को निर्धारित दर से अधिक मूल्य न लेने का निर्देश दिया है और रेटलिस्ट लगाने को कहा है। इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, जिला पंचायत के एएमए विकास मिश्रा व एसडीएम सदर शैलेश दुबे आदि अधिकारी मौजूद रहे।
अमहट घाट का किया निरीक्षण
शहर से सटे बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम पर जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों का दल सबसे पहले कुआनो नदी के अमहट घाट पर पहुंचता है। यहां शनिवार सुबह ही बीडीए के सचिव गुलाबचंद्र ने अधिकारियों के साथ पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित विभागीय जिम्मेदारों को दिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से कुशल क्षेम पूछा और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश नगर पालिका के कर्मियों को दिया।
---
डीआईजी व एसपी ने किया निरीक्षण
परशुरामपुर संवाद के अनुसार देवीपाटन रेंज के डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल व बस्ती के एसपी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को अयोध्या-बस्ती फोरलेन पर पहुंच कर कांवड़ यात्रा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। अयोध्या सीमा पर स्थित घघौवा चौकी पर पहुंच कर रूट डायवर्जन के बारे में परशुरामपुर के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार शाही से जानकारी हासिल की। डीआईजी ने कहा कि किसी भी दशा में निर्धारित समयावधि तक वाहनों को प्रवेश न होने दें।
---
अयोध्या निकलीं कांवड़ यात्रियों की टोलियां
हर्रैया संवाद के अनुसार भगवान महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कावड़ियों का दल शनिवार को ही सज-धज कर पवित्र सरयू नदी से जल लेने अयोध्या निकल पड़ीं। ट्रॉली-ट्रैक्टरों व अन्य वाहनों पर भगवा वस्त्र धारण कर डीजे की धुनों पर झूमते शिवभक्तों की टोली तेरस के दिन भद्रेश्वरनाथ मंदिर सहित अपनी मान्यता के अनुसार अन्य मंदिरों पर जलाभिषेक करेगी। यह टोलियां वापसी में जल लेकर कस्बे के बीआरसी परिसर में आराम करने के बाद रात में भद्रेश्वरनाथ के लिए निकल जाएंगी। इस बार कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। क्षेत्र के थानेश्वरनाथ व तिलकपुर सहित कई अन्य मंदिरों पर भी श्रद्धालु मान्यता के अनुसार जलाभिषेक करेंगे।
अयोध्या से लेकर भदेश्वरनाथ के रास्ते में कावड़ियों के सेवा के लिये कस्बे में जगह-जगह स्टाल सजने लगे हैं। समाज सेवी राम मोहन गुप्ता, राजू सिंह व पवन पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह से मंगलवार सुबह तक भंडारा चलेगा। यहां खाने-पीने के सामान के साथ दवाओं व ठंडे और गरम पानी की भी व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य विभाग के अलावा नगर पंचायत व राजस्व कर्मियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।
---
पड़ाव स्थलों पर हुआ इंतजाम
विक्रमजोत संवाद के अनुसार घघौवा पुल से छावनी के चौकड़ी टोल प्लाजा तक कुल छह पड़ाव स्थलों पर निशुल्क मेडिकल कैंप व जलपान का इंतजाम किया गया है। घघौवा चौकी के पास कावड़ियों को बरसात से बचाव के लिए वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है। वहीं, सिकंदरपुर प्राथमिक चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सक डॉ. मनोज व सीएचओ आशुतोष की ओर से मेडिकल कैंप लगा कर कांवड़ियों का इलाज किया जा रहा है।
विज्ञापन

छावनी थाना क्षेत्र में विक्रमजोत के वाल्मीकि इंटर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय पचवस, प्राथमिक विद्यालय पचवस व शहीद स्मारक सहित ब्लॉक मुख्यालय पर प्रशासन ने कैंप कार्यालय बनाया है। केशवपुर व आसपास सिरका व्यवसायियों ने तीन दिवसीय निशुल्क जलपान व भोजन का इंतजाम किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें