लालगंज। पवित्र कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार की सुबह से ही मनवर-कुआनो संगम तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु दूर-दराज के गांवों से पहुंचकर पवित्र नदी में स्नान करने लगे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गोदान, दान-पुण्य और मां गंगे की आरती कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। संगम तट पर लालगंज बाजार, बारीघाट, सुरापार, नेवारी, बरतानिया, गौरा, बड़गो सहित आसपास के दर्जनों गांवों के श्रद्धालु पहुंचे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने संगम तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर व विष्णु मंदिर में पूजा-अर्चना कर दीपदान किया। संगम घाट पर दिनभर मेले जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने जहां धार्मिक अनुष्ठान किए, वहीं बच्चों ने झूला, खिलौने और मिठाइयों की खरीदारी कर खूब आनंद लिया।