अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक के स्कूल न पहुंचने की शिकायत
जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित, विद्यालय में हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सदर विकास क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय गनेशपुर के बच्चों और अभिभावकों के शिकायत का मामला तूल पकड़ लिया है। बीएसए ने तत्काल प्रभाव से सभी स्टाफ का वेतन रोक दिया है। इसके अलावा प्रकरण की जांच के लिए बीईओ सदर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की है। इस कार्रवाई से विद्यालय में हड़कंप मच गया है।
जूनियर विद्यालय गनेशपुर में अध्ययनरत बच्चे और उनके अभिभावक बीएसए और बीईओ सदर को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें विद्यालय की महिला प्रधानाध्यापक पर समय से विद्यालय नहीं आने का आरोप लगाया गया। बच्चों से अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। छात्रा शिवानी के परिजन नवल किशोर ने बीएसए और बीईओ से मामले में कार्रवाई करने की मांग की। बीएसए ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू करा दी है।
बीईओ सदर विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बच्चों और अभिभावकों की शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई है। जल्द ही पूरे मामले की जांच आख्या बीएसए को सौंप दी जाएगी। जबकि बीएसए ने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करने के मामले में तीन सदस्यीय टीम से जांच शुरू कर दी गई है। प्रधानाध्यापक समेत सभी स्टाफ का वेतन रोका गया है।