पूर्व मंत्री नहीं चाहते बिरादरी के किसी नेता का कद बढ़े : संजय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजय चौधरी ने मंगलवार को प्रेसवार्ता की। इसमें उन्होंने पूर्व मंत्री और सपा नेता राम प्रसाद चौधरी पर तमाम आरोप मढ़े। बोले, वे नहीं चाहते की कुर्मी बिरादरी के किसी दूसरे नेता का कद बढ़े। इस कारण वे समर्थकों व समाजवादी पार्टी के लोगों के माध्यम से अनर्गल आरोप लगाकर बदनाम करना चाहते हैं। चुनाव में भाजपा की जीत इस कारण सुनिश्चित है क्योंकि पार्टी ने जिला पंचायत सदस्यों की मर्जी से प्रत्याशी दिया है। वहीं सपा के पास जब कोई प्रत्याशी नहीं रहा तो वीरेंद्र चौधरी को मैदान में उतार दिया। चुनाव में भाजपा पर लगे आरोपों का खंडन करते हुए संजय ने कहा कि प्रशासन की जांच पड़ताल को चुनाव से जोड़कर देखना गलत है।