राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रुधौली में विद्यार्थियों को जल्द ही टाटा कंपनी प्रशिक्षण देगी। कंपनी की ओर से भवन निर्माण आदि प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान परिसर में उपलब्ध जमीन पर कंपनी नया भवन बनाकर युवाओं को प्रशिक्षण देगी। पहले यह परियोजना आईटीआई हर्रैया परिसर के लिए स्वीकृत थी।
राजकीय आईटीआई में विशेष प्रशिक्षण के लिए बस्ती व हर्रैया आईटीआई का चयन किया गया। टाटा कंपनी की तरफ से यहां पर भवन निर्माण कराकर प्रशिक्षण कोर्स संचालित कराया जाना है। विभाग का कहना है कि निर्माण से पूर्व कार्यदायी संस्था की ओर से हर्रैया आईटीआई की मिट्टी की जांच (स्वॉयल टेस्टिंग) कराई गई। जांच फेल होने के बाद संस्था ने यहां भवन निर्माण कराने से मना कर दिया। संस्था का कहना था कि मिट्टी अनुकूल न होने के कारण भवन की लागत काफी बढ़ जाएगी। इसकी रिपोर्ट शासन को दी गई। इसके बाद राजकीय आईटीआई रुधौली में प्रोजेक्ट स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।
प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे 3.54 करोड़ रुपये
टाटा की ओर से बनाए जा रहे प्रोजेक्ट पर करीब 3.54 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। भवन बनाने से लेकर संसाधन उपलब्ध कराने तक की जिम्मेदारी टाटा की होगी। संस्था की ओर से विशेष प्रशिक्षण का संचालन भी किया जा जाएगा। हालांकि अभी संचालित होने वाले ट्रेडों पर निर्णय नहीं हुआ है।