- 13 से 31 मार्च तक अभियान चलाकर की जाएगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की फिर धड़कन बढ़ने वाली हैं। ऐसा इसलिए होगा, क्योंकि महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने विद्यालयों में शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति जांचने के लिए निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया है। यह अभियान 13 से 31 मार्च तक जिले के सभी स्कूलों में चलाया जाएगा।
इसके तहत जिले के परिषदीय विद्यालयों में अभियान चलाकर खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) औचक निरीक्षण करेंगे, और शिक्षकों की उपस्थिति के साथ नए शैक्षिक सत्र के लिए पुस्तकों की आपूर्ति की स्थिति, एमडीएम, ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों और विद्यालय में निपुण भारत मिशन की गतिविधियों के संचालन के बारे में भी जांच करेंगे।
इसकी सूचना प्रतिदिन एडी बेसिक और बीएसए को उपलब्ध कराई जाएगी। शैक्षिक सत्र 2022-23 में यह अभियान चलाया जा चुका है। इसमें करीब 757 शिक्षक, शिक्षा मित्र व अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए थे। जिन पर बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति कार्रवाई कर चुके हैं। इसके बाद भी शिक्षक मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।
शासन से दोबारा औचक निरीक्षण अभियान शुरू करने का निर्देश मिला है। ब्लॉक स्तर पर बीईओ और जिला स्तर पर बीएसए की टीम कार्य दिवस में विद्यालयों का औचक निरीक्षण करेगी। इस बार अनुपस्थित मिलने वाले शिक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्देश शासन से मिला है।
- डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, बीएसए