रेलवे क्राॅसिंग बंद रहने से लगा लंबा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान (बस्ती)। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस में किसी ने चैन पुलिंग कर दी। इस बीच काफी देर तक गेट बंद रहने कीवजह से रेलवे क्राॅसिंग के गौरा चौकी रोड व चीनी मिल रोड पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। जाम में स्कूली बसें और नियमित रूप से ट्रेन से आने-जाने वाले काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 7:32 बजे बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक संख्या 222 ए के पास गोरखपुर से चलकर लखनऊ तक जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन में चेन पुलिंग हो गई। इससे ट्रेन रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी हो गई। ट्रेन खड़ी होते ही आरपीएफ जवान चैन पुलिंग करने वाले की तलाश में जुट गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान कई यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए।
ट्रेन रेलवे क्रॉसिंग पर चार मिनट रुकी रही। इसे बाद वंदे भारत एक्सप्रेस आने के समय सुबह करीब 7:14 बजे बंद हुए गेट से डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस सहित मालगाड़ी व इंटरसिटी एक्सप्रेस निकाली गई। सुबह 7:40 बजे गेट खुला। इससे क्रॉसिंग पर लंबा जाम लग गया। इस संबंध में आरपीएफ के उपनिरीक्षक मन्नन ने बताया कि बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस में चेन पुलिंग हो गई थी। ट्रेन महज 4 मिनट ही रुकी रही।