बनकटी, रुधौली बीडीओ व बीईओ को आरोपपत्र देने के निर्देश
बस्ती। परिषदीय विद्यालयों के चहारदीवारी निर्माण में शिथिलता पाए जाने पर डीएम प्रियंका निंरजन ने बनकटी व रूधौली के बीडीओ को आरोप पत्र देने के निर्देश दिए हैं। कुदरहा ब्लॉक के माझाकला और शुभाऊपुर में विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण खराब पाए जाने पर बीईओ, एडीओ पंचायत, पूर्व सचिव, तकनीकी सहायक और अवर अभियंता को भी आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम बृहस्पतिवार को जिले के 500 परिषदीय विद्यालयों की चहारदीवारी निर्माण की कलेक्ट्रेट सभागार में फोटो आधारित समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने समीक्षा में अधिकांश चहारदीवारी की रंगाई, पुताई व गेट निर्माण का काम अधूरा पाया गया। बनकटी के पिकौराशुक्ल प्राथमिक विद्यालय के बाहर चहारदीवारी के पास कूड़े का ढेर मिलने पर उन्होंने सचिव और एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीपीआरओ को निर्देश दिया कि तत्काल इसकी सफाई कराई जाए। सदर ब्लॉक में 20 में 18, कप्तानगंज में 34 में 28, दुबौलिया में 24 मे 20, परसरामपुर में 28 में 24, रामनगर में 31 में 24, रूधौली में 36 में 30, सांऊघाट में 39 में 37, विक्रमजोत में 41 में 28, सल्टौआ 30 में 28, हर्रैया में 48 में से 34, कुदरहा में 36 में 30, गौर में 67 में 58 विद्यालयों की चहारदीवारी का निर्माण पूर्ण मिला।
उन्होंने 163 जूनियर हाईस्कूलों का क्षेत्र पंचायत निधि से कायाकल्प कराए जाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने किया। इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, सीएमओ डॉ. आरपी मिश्रा, पीडी कमलेश सोनी, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, डीपीओ सावित्री आदि मौजूद रहीं।