11 नवंबर से 72 घंटे पहले शुरू हो जाएगी चेकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। अयोध्या में 11 नवंबर को दीपपर्व मनाए जाने को लेकर जिले की सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी गई है। खासकर फोरलेन पर होने वाले आवागमन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 72 घंटे पहले यानी बुधवार शाम से जिले के बार्डर पर परशुरामपुर थाने के घघौआ चौकी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
अयोध्या में 11 नवंबर को विहंगम दीपोत्सव मनाए जाने की जोरशोर से तैयारी की जा रही है। इस बार अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बने 51 घाटों पर 21 लाख से ज्यादा दीये जलाए जलाएंगे। इसके लिए भारी संख्या में देश-विदेश से राम भक्तों के पहुंचने का अनुमान है। इसे लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन और जिले की सीमा से सटा होने की वजह से सुरक्षा के एक हिस्से का जिम्मा पश्चिमी थानों पर भी होगा। हालांकि अभी फोरलेन डायवर्जन का कोई आधिकारिक प्लान तैयार नहीं किया गया है लेकिन वाहनों के जांच के लिए बैरियर लगाने का निर्देश जारी किया जा चुका है। यह बैरियर परशुरामपुर थाने के घघौआ चौकी के पास लोलपुर गांव के पास लगाया जाएगा। जहां बस्ती और अयोध्या कोतवाली की पुलिस टीम तैनात रहेगी। जो उधर से गुजरने वाले सभी वाहनों की जांच करेगी।