बस्ती। माध्यमिक विद्यालयों में इंस्पायर अवार्ड योजना में आवेदन करने की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले ये आवेदन की तिथि 31 अगस्त निर्धारित थी । तिथि बढ़ाने का कारण आवेदनों की संख्या कम होना बताया जा रहा है। जिले से अब तक लगभग 50 विद्यालयों के 250 छात्रों ने आवेदन किया है, जबकि माध्यमिक विद्यालय 402 हैं।
प्रधानमंत्री इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2023-24 के लिए जुलाई में ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए थे, जिसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त थी। जिम्मेदारों के रुचि न लेने के कारण इनकी संख्या बहुत कम रही। इस पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ला ने बताया कि 30 अगस्त तक जिले के लगभग 50 विद्यालय में 250 विद्यार्थी पंजीकरण करा चुके हैं। जबकि हर विद्यालय से पांच विद्यार्थियों का पंजीकरण होना जरूरी है। योजना में कक्षा छह से दस तक के समस्त बोर्ड के जूनियर और माध्यमिक स्कूल के छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य को इंस्पायर अवार्ड मानक पोर्टल पर बनी स्कूल आईडी से बाल वैज्ञानिकों का पंजीकरण कराना है। इसमें छात्र- छात्राओं द्वारा न्यूनतम 150 शब्दों का नवाचार लेख अपलोड करना होगा। प्रथम स्तर पर चयन होने पर हर छात्र को मॉडल बनाने के लिए दस हजार रुपये बैंक खाते में भेजे जाएंगे। छात्र-छात्राओं को जिला स्तरीय प्रदर्शनी में मॉडल प्रस्तुत करना होगा।