- मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डॉक्टरों को दिए लक्षण वाले मरीजों को चिह्नित करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। चीन में फैले इन्फ्लूएंजा को देखते हुए शासन ने जिले में भी ऐसे रोगियों को नजर रखने के निर्देश दिए हैं। दो दिन पहले आए निर्देश के बाद स्वास्थ्य प्रशासन सक्रिय हो गया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डॉक्टरों को ऐसे मरीजों को चिह्नित करने को कहा है।
चीन के उत्तरी क्षेत्र में तेजी से फैल रहे एवियन इन्फ्लूएंजा एच9एन2 को लेकर शासन की ओर से अलर्ट जारी होने के बाद जिले का स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज में 25 बेड वाले पीआईसीयू के अलावा 15 बेड वाला वार्ड भी तैयार किया गया है। इसमें डॉक्टर, फार्मासिस्ट और स्टॉफ नर्सों की ड्यूटी लगाई है।
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार कौशल ने बताया कि दो दिन पहले शासन की ओर से एक नया निर्देश मिला है। इसमें कहा गया है कि इन्फ्लूएंजा, सांस फूलने की बीमारी वाले मरीजों की जांच कराई जाए। यदि कोई लक्षण नजर आए तो उसे सूचीबद्ध किया जाए। बताया कि अब तक ऐसा कोई मरीज नहीं मिला है, जिसमें चीन केइन्फ्लूएंजा का लक्षण मिला हो।
मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने बीमारी से निपटने की तैयार कर ली है। वार्ड तथा ऑक्सीजन जनरेशन सिस्टम को पूरी तरह से सुसज्जित कर लिया गया है। डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसा कोई भी मरीज आएं तो तत्काल उनकी जांच कराकर सूचीबद्ध कर लिया जाए। यदि किसी में लक्षण मिले तो उसे भर्ती करा दिया जाए, जिससे उसका समुचित इलाज हो सके।