रुधौली। सरकार आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है। नगर पंचायत स्थित शहीद स्मारक पार्क उपेक्षा का शिकार है। परिसर में लगाया गया तिरंगा भी फट चुका है। तिरंगे को बदलने व स्मारक स्थल की सफाई आदि पर नगर पंचायत कोई ध्यान नहीं दे रही है।
उल्लेखनीय है कि 26 सितंबर 2014 को श्रीनगर के लाल चौक पर हुए आतंकवादी हमले में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में मुड़ियार के निषाद टोला निवासी कीर्तिकर निषाद शहीद हो गए थे। उनकी याद में नगर पंचायत के केवटहिया में शहीद कीर्तिकर निषाद पार्क एवं अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया गया है। कस्बावासी पार्क में सुबह शाम टहलने आते हैं। पार्क में झाड़ियां और गंदगी इसकी उपेक्षा बयां कर रही हैं। स्थिति यह है कि शहीद कीर्तिकर की प्रतिमा स्थल पर लगाया गया तिरंगा फटकर बदरंग हो गया है। पार्क की बाउंड्रीवाल गिर चुकी है। परिसर में स्थित तालाब में जलकुंभी जमा है। शहीद स्थली पहुंचने वाला मार्ग टूटकर खत्म हो चुका है।
शुक्रवार को पार्क में घूमने आए महेश प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र मोहम्मद कैफ, दिलेश्वरी इंटर कॉलेज के छात्र शादाब खान, सलीम ने बताया कि शहीद स्थल की उपेक्षा देखकर मन व्यथित हो गया। व्यवस्था में बैठे लोग शहीदाें के प्रति इतने संवेदनहीन हो सकते हैं कभी सोचा नहीं था।
नगर पंचायत कर्मियों द्वारा लगातार सफाई की जाती है। बरसात के कारण झाड़ियां उग आई हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले शहीद स्थल को बेहतर बना दिया जाएगा।
-धीरसेन निषाद, अध्यक्ष, नगर पंचायत रुधौली।