नगर बाजार (बस्ती)। राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के लिए निर्दलीय उम्मीदवार मुसीबत बन गए हैं। इन उम्मीदवारों को अपनी जीत का भरोसा भले न हो, लेकिन ये क्षेत्रीय दलों के वोट बैंक में सेंध जरूर लगाते हैं। इस बार भी प्रमुख दलों के साथ ही तमाम निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
नवगठित नगर पंचायत नगर बाजार में बिना दल खुद के बलबूते चुनावी समर में उतरे निर्दलीयों पर सबकी निगाहें हैं। अध्यक्ष सीट पर अपनी ताकत का एहसास करा रहे निर्दलीय उम्मीदवारों ने प्रमुख दलों के प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा दी है। मतदाताओं का कहना है कि इस चुनाव जीत हार का अंतर कम होगा। क्योंकि सियासी दलों के अलावा निर्दलीय भी अपनी पकड़ का लाभ पा रहे हैं।
-
अध्यक्ष व सदस्यों के भाग्य का फैसला करेंगे 22390 मतदाता
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। नवगठित नगर पंचायत नगर बाजार में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 22,390 मतदाता करेंगे। इनमें 12,028 पुरुष व 10,362 महिला मतदाता हैं। इधर, प्रशासन ने चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों की लिस्ट जारी कर दी है। इन बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर, वार्ड नंबर दो संत रविदास नगर, वार्ड नंबर तीन जेपी नगर, वार्ड नंबर नौ राजा उदय प्रताप नगर, वार्ड नंबर 11 गुरु प्रसाद नगर, वार्ड नंबर 13 श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर व वार्ड नंबर 15 दीन दयाल नगर को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है, जबकि वार्ड नंबर 6 भवानी प्रसाद नगर, वार्ड नंबर 7 वशिष्ठ नगर, वार्ड नंबर 12 लक्ष्मीबाई नगर व वार्ड नंबर 14 चंद्रशेखर आजाद नगर को संवेदनशील की श्रेणी में रखा रखा गया है। थाना प्रभारी नगर जनार्दन प्रसाद ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस तैयार है। संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात रहेगी जिससे मतदान के दिन मतदाताओं को कोई समस्या न हो।