आयकर टीम का अब क्वांटम ग्रुप के निर्माणाधीन होटल पर छापा
- शहर के फव्वारा तिराहा स्थित निर्माणाधीन होटल पर सुबह टीम ने की छापेमारी, कर्मचारियों से की पूछताछ
- कर्मचारियों की मोबाइल जमा कराने के बाद शुरू हुई जांच पड़ताल, देर शाम तक डटे रहे अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती।
क्वांटम ग्रुप के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव के निर्माणाधीन होटल पर बृहस्पतिवार को आयकर विभाग की टीम ने फिर छापा मारा। शहर के फव्वारा तिराहा स्थित राकेश के बहुमंजिला होटल पर आयकर की टीम सुबह करीब 10:30 बजे धमक पड़ी। टीम ने गेट बंद कराकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। देर शाम तक होटल से संबंधित अभिलेख एवं संपत्ति की छानबीन चलती रही।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम में शामिल रोहित कसाना, गोरखपुर के आयकर अधिकारी वीपी सिंह एवं बस्ती के आयकर अधिकारी मनीष पाठक सुबह अचानक सहयोगियों के साथ राकेश के निर्माणाधीन होटल सुबह पहुंच गए। टीम ने वहां पहुंचते ही वहां मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए। इसके बाद वहां मौजूद सभी से पूछताछ शुरू कर दी। शाम तक टीम की कार्रवाई चलती रही। छापे में टीम को क्या मिला है इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
उधर, लगातार तीन दिन से चल रही छापे की कार्रवाई से क्वांटम ग्रुप में हड़कंप है। बुधवार को खबर मिली थी कि टीम जांच पड़ताल पूरी कर वापस लौट चुकी है, लेकिन बृहस्पतिवार की कार्रवाई से सभी संशय में हैं कि पता नहीं टीम दोबारा कब आ धमके। हालांकि अभी तक बस्ती में हुई छापेमारी के दौरान ग्रुप के मालिक राकेश टीम के सामने नहीं पेश हुए हैं। मौके पर मिल रहे कर्मचारी एवं उनके रिश्तेदार एवं शुभेच्छु भी असमंजस में है। तरह- तरह की कयासबाजी के अलावा कोई भी सटीक जानकारी नहीं दे पा रहा है। टीम के अनुसार आय से अधिक संपत्ति के मामले में राकेश की जांच शुरू हुई। बताया जा रहा है कि राकेश की बस्ती के अलावा लखनऊ, मुंबई, कानपुर आदि शहरों में भी कई संपत्तियां हैं। आयकर टीम राकेश की घोषित संपत्तियों से इनका मिलान कर रही है। इससे संबंधित विवरण जुटाने के लिए सभी संभावित जगहों पर छापेमारी की जा रही है। इसके पहले 5 और 6 मार्च को शहर के बभनगांवा स्थित उनके आवास पर टीम जुटी रही। यहां घर के अंदर किसी अन्य को प्रवेश नहीं दिया गया। मौके पर मिले दस्तावेजों को टीम ने सघनता से खंगाला। कुछ जरूरी अभिलेख अपने साथ भी ले गई है। तीसरे दिन उनके निर्माणाधीन होटल पर भी छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-
जॉच शुरू होने का कारण स्पष्ट नहीं
अचानक क्वांटम ग्रुप के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव के संपत्तियों की जांच शुरू होने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ जानकारों की मानें तो आयकर विभाग की एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) स्वत: आर्थिक गतिविधियों का उतार चढ़ाव पकड़ लेती है। इस आधार पर भी संदिग्ध लोगों की जांच की जाती है। वहीं कुछ जानकारों का कहना है कि पिछले दो तीन सालों से राकेश पर आयकर विभाग का नजर है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का सुराग मिलने के बाद से यह कार्रवाई शुरू हुई है। हालांकि टीम के अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
जनवरी में एसडीएम ने डाला छापा
राकेश के निर्माणाधीन बहुमंजिला होटल पर जनवरी में एसडीएम सदर के नेतृत्व में छापा पड़ा था। इस दौरान नक्शे से इतर निर्माण पाया गया था। होटल का नक्शा पांच मंजिल का बीडीए से पास हुआ है। निर्माण छह मंजिला पाए जाने पर चेतावनी दी गई थी। हालांकि मालिक के तरफ से छह मंजिला पर अस्थाई निर्माण बताया गया था। इस दौरान जीएसटी टीम भी बुलाई गई थी लेकिन तब मामला ठंडा हो गया था।
-
2017 विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चा में आए थे राकेश
बभनगांवा के रहने वाले राकेश 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चा में आए थे। इसके पहले बड़े कारोबारी होने के नाते बस्ती में उनका आना जाना कम होता रहा। 2017 में अचानक बस्ती सदर सीट से बस्ती से उनके चुनाव लड़ने की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि उन्हें टिकट नहीं मिला। बाद में उन्होंने निर्दल उम्मीदवार के रूप में विधानसभा की दावेदारी ठोंकी। इसी के बाद राकेश चर्चा में आ गए। बाद में फव्वारा तिराहा के निकट मालवीय रोड स्थित एक पुरानी कोठी को उन्होंने खरीदा, जिसे ढहाकर होटल का निर्माण शुरू किया गया। वर्तमान में बीडीए मानचित्र के अनुसार पांच मंजिला अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होटल बनकर लगभग तैयार है।