चोरी रोकने के लिए सायरन सीटी बजाकर रात्रि गश्त के निर्देश
बस्ती। परिक्षेत्र के आईजी आरके भारद्वाज की अध्यक्षता में शुक्रवार को रेंज कार्यालय पर मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी हुई। इस दौरान बस्ती के अलावा सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर जनपद में हो रहे अपराध और उस पर पुलिस की तरफ से की गई कार्रवाई का लेखाजोखा लिया गया। आईजी ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
आईजी ने कड़ाके की ठंड में चोरी की घटनाओं की प्रबल संभावना को देखते हुए इसके रोकथाम के लिए सीटी-सायरन बजाकर रात्रि गश्त पेट्रोलिंग करने को कहा।
एसपी बस्ती आशीश श्रीवास्तव, सिद्धार्थनगर जिले के एसपी अमित कुमार आनंद व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिसिंग से जुड़ी कई बारीकियों को साझा किया। इस दौरान आईजी ने परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत ढाबा, होटल, बस स्टैंड आदि संवेदनशील स्थानों में रात्रि पैदल गश्त व चेकिंग कराने की नसीहत दी। साथ ही कहा कि हिस्ट्रीशीटरों एवं जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगाह रखी जाए। परिक्षेत्र के थाना क्षेत्रों में संदिग्ध स्थान चिन्हित कर वाहन चेकिंग की जाए साथ ही बैंक/एटीएम आदि के आसपास संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग की जाए। महिला संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निस्तारण करवाया जाए।पूर्व से लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्वक शीघ्र निस्तारण, थाने स्तर पर सैनिक सम्मेलन कर अपने अधीनस्थों की समस्याओं का निस्तारण करने को कहा। गुंडा एक्ट, जाब्ता फौजदारी, शांतिभंग की आशंका व गैंगस्टर की कार्रवाई तेज करने पर आईजी ने बल दिया। कहा कि फरियादियों की समस्याओं को सुनकर भरोसा दिलाकर उसकी समस्याओं का निस्तारण किया जाए। मुकदमे से संबंधित माल निस्तारण, निस्तारण में सराहनीय कार्य करने वाले थाना प्रभारी को जनपद स्तर पर सम्मानित करने को कहा। वांछित एवं वारंटी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने को कहा। सर्राफा बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए।