बस्ती। गर्मी में ट्रांसफाॅर्मर जलने पर उसकी मरम्मत का खर्च अभियंताओं का उठाना पड़ेगा। मरम्मत में आने वाले खर्च का 10 प्रतिशत हिस्सा अधिशासी अभियंता, 30 प्रतिशत उपखंड अधिकारी और 60 प्रतिशत खर्च अवर अभियंता को उठाना पड़ेगा। अधीक्षण अभियंता ने तीन अवर अभियंताओं को नोटिस जारी कर ट्रांसफाॅर्मर मरम्मत का खर्च जमा करने का आदेश दिया है।
गर्मी में खपत बढ़ने से ट्रांसफाॅर्मर ओवर लोड हो रहे हैं। इससे ट्रांसफाॅर्मर जलने की घटनाओं में भी वृद्धि हुई है। ट्रांसफाॅर्मर जलने के लिए जेई से लेकर एक्सईएन को जिम्मेदार माना जा रहा है। इसी आधार पर अभियंताओं से उसकी मरम्मत की धनराशि वसूली जा रही है। सात जून को अधीक्षण अभियंता एसके आर्या ने मुंडेरवा, गाऊखोर और अमहट अवर अभियंता को नोटिस जारी कर ट्रांसफाॅर्मर मरम्मत में आने वाले खर्च को जमा करने का आदेश दिया है।
उल्लेखनीय है कि मुंडेरवा और गाऊखोर में 100-100 केवीए का एक और अमहट में 400 केवीए का एक ट्रांसफार्मर जल चुका है। अमहट अवर अभियंता प्रशांत कुमार को 73,000, गाऊखोर के विजय पाल और मुंडेरवा के अवर अभियंता आरबी यादव को 25,713 रुपये जमा करने होंगे। इस धनराशि का 10 प्रतिशत हिस्सा अधिशासी अधिकारी, 30 प्रतिशत हिस्सा उपखंड अधिकारी और 60 प्रतिशत धनराशि अवर अभियंता को जमा करनी होगी।