- बिजली चोरी की समस्या से जूझ रहे शहर के पुरानी बस्ती द्वितीय व एसबीआई फीडर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। गर्मी में बिजली खपत बढ़ रही है। तमाम उपभोक्ता बिना भार वृद्धि के ही एसी का प्रयोग शुरू कर देते हैं। जो विद्युत निगम के अनुसार अपराध की श्रेणी में आता है। इसके अलावा गर्मी में अधिक बिल से परेशान उपभोक्ता किसी के बहकावे में आकर मीटर की सील तोड़वा देते हैं और उसे स्लो करा देते हैं। इन पर कार्रवाई की तैयार निगम ने शुरू कर दिया है। शहर में लाइन लॉस से जूझ रहे पुरानी बस्ती द्वितीय व एसबीआई फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं के परिसर की जांच करने जल्द ही विद्युत निगम की टीम पहुंचेगी। इन दोनों फीडरों पर बिजली चोरी अधिक होने के कारण निगम को राजस्व हानि हो रही है। इसके अलावा शहर के विकास भवन, गड़गोड़िया, तुर्कहिया, भुवर, ऊंचवा मोहल्ला, डफाली टोला, पठान टोला, कांशीराम आवास आदि जगहों पर बिजली चोरी अधिक हो रही है। निगम इन क्षेत्रों में चोरों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। जानकारी के अनुसार, विद्युत निगम की टीम सुबह पांच बजे छापा मारकर चोरों का पता लगाएगी। चोरी करते हुए पकड़े जाने पर टीम केस भी दर्ज कराएगी।
चोरी को रोकने के लिए लग रही एबी केबल
- विद्युत निगम बिजली चोरी को रोकने के लिए कंडक्टर (तार) को हटाकर एबी केबल लगा रहा है। यह बिजली चोरी रोकने में कारगर उपाय माना जा रहा है। शहर में पुरानी बस्ती, मालवीय मार्ग, बैरिहवा, मंगल बाजार आदि जगहों पर एबी केबल लगाई जा चुकी है। अन्य 39 जगहों पर अभी केबल लगाया जाना है।
-
मीटर में शंट मिलने पर दर्ज होगा चोरी का केस
- शहर में पूर्व में तमाम उपभोक्ता मीटर में एक खास तरीके का उपकरण लगाकर रीडिंग स्लो करा लेते हैं। जिससे निगम के अफसर शंट कहते हैं। औचक निरीक्षण में यदि किसी उपभोक्ता के परिसर पर मीटर स्लो मिला या सील टूटी मिली तो संबंधित उपभोक्ता पर बिजली चोरी का केस दर्ज होगा।
-