विवाहिता की मौत मामले में पति, ससुर गिरफ्तार
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना अंतर्गत कोठवा-भरतपुर गांव में नवविवाहिता की मौत के मामले में उसके पति व ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को उसका शव ससुराल में छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला था। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
बस्ती कोतवाली क्षेत्र के मुरलीजोत मोहल्ले की रहने वाली नासरीन (19) की शादी नगर थाना क्षेत्र के कोठवा भरतपुर निवासी फरियाद अली के साथ करीब चार माह पूर्व हुई थी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शुक्रवार की शाम नासरीन से मिलने भाई ससुराल आया था। थोड़ी देर रहकर वह चला गया था। ससुराल के लोगों के अनुसार, शुक्रवार की देर रात करीब दो बजे घर में छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे नासरीन का शव लटका मिला। शव को आनन-फानन में नीचे उतारा गया।
नगर पुलिस शनिवार की भोर में घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी पति फरियाद अली और ससुर वाहिद अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया गया। छत के कुंडे में दुपट्टा बांधकर फांसी लगाकर उसे जान से मार डाला गया।