- मुंडेरवा में आईटीआई और हथियागढ़ में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण पूरा नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है। शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं आधी-अधूरी रह गई हैं। ऐसे में नए सत्र में जूनियर से तकनीकी क्षेत्र की शिक्षा तक हलचल नहीं बढ़ पाएगी। पुरानी व्यवस्था में ही शिक्षा को गति मिलेगी। बहुप्रतीक्षित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज न तो बनकर तैयार है और न ही आईटीआई पूर्ण हो पाया है। अत्याधुनिक संयुक्त शिक्षा निदेशक भवन काफी हद तक पूर्ण हो गया है। मगर, साज-सज्जा के अभाव में हस्तांतरण नहीं हो पाया है। मार्च के आखिर तक इन परियोजनाओं की सुपुर्दगी न होने से नए सत्र में भी इनकी उपयोगिता सिद्ध नहीं हो पाएगी।
शिक्षा क्षेत्र के उच्चीकरण के लिए पांच वर्षों में महत्वपूर्ण परियोजनाएं जिले में स्वीकृति हुईं। इसमें माध्यमिक स्तर के दस कस्तूरबा विद्यालय तीन साल पहले स्वीकृति हुए। हथियागढ़ में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और संयुक्त शिक्षा निदेशक के कार्यालय भवन भी आठ वर्ष पहले स्वीकृति हुआ। इनमें से एक भी परियोजना निर्धारित अवधि में पूरी नहीं हो पाई। उम्मीद थी कि इस वित्तीय वर्ष में यह परियोजनाएं पूर्ण हो जाएगी और नए सत्र में यहां शिक्षा की नई चहलकदमी देखने को मिलेगी। मगर, इस मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
वित्तीय सत्र समाप्ति की ओर है, लेकिन कुछ परियोजनाओं को अवशेष बजट की दरकार है तो कुछ के निर्माण की गति धीमी है। अधिकतर परियोजनाएं वर्तमान वित्तीय सत्र के आखिर तक हस्तांतरण योग्य नहीं दिख रही हैं। इससे माध्यमिक से लेकर तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई हलचल नए सत्र में नहीं देखने को मिलेगा।
..
जेडी भवन पूरा, साज- सज्जा बाकी
जीआईसी परिसर में शासन से आठ वर्ष पहले संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय भवन की स्वीकृति मिली थी। मगर, बजट आवंटित न होने से कार्य प्रगति नहीं पा सका। कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को इस भवन के लिए वर्ष 2022 से धन उपलब्ध होना शुरू हुआ। तीन मंजिला यह भवन वर्तमान में बनकर तैयार है। मगर रंगाई-पुताई, फर्नीचर, लिफ्ट आदि साज-सज्जा न होने से यह भवन हस्तांतरण योग्य नहीं है। परियोजना की लागत धनराशि साढ़े चार करोड़ रुपये शासन से अवमुक्त हो चुका है।
..
किठिउरी आईटीआई हस्तांतरण होने की बढ़ी उम्मीद
मुंडेरवा के किठिउरी गांव में प्रस्तावित आईटीआई का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। यदि साज-सज्जा के कार्य कर लिए गए तो नए सत्र में यह भवन हस्तांतरित हो जाएगा। यहां नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ की तैयारी चल रही है। इस परियोजना के निर्माण के लिए शासन ने 12 करोड़ 78 लाख 20 हजार रुपये दिए हैं। पहली किस्त के रूप में पांच करोड़ 28 लाख रुपये, दूसरी किस्त के रूप में 13 जुलाई 2021 को एक करोड़ 27 लाख रुपये और तीसरी किस्त के रूप में 14 फरवरी 2022 को तीन करोड़ 19 लाख 55 हजार रुपये जारी हुआ। इस तरह कुल 9 करोड़ 58 लाख 65 हजार रुपये खर्च हो गए। इस परियोजना के लिए दोबारा करीब पांच करोड़ का अतिरिक्त एस्टीमेट भेजा गया, जिससे इसकी लागत बढ़कर 17 करोड़ रुपये हो गई है। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के एक्सईएन अवधेश कुमार ने बताया कि 90 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसी माह के अंदर यह तकनीकी संस्थान पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।
...
इंजीनियरिंग कॉलेजः सजधज कर तैयार, फिर भी साढ़े तीन करोड़ की दरकार
हथियागढ़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में वर्ष 2016 में इंजीनियरिंग कॉलेज को स्वीकृति मिली थी। आठ साल बीत गए, मगर यह परियोजना पूरी नहीं हो सकी है। अब भी आवासीय ब्लॉक को अंतिम रूप देना बाकी है। इसके लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के अवशेष बजट का इंतजार किया जा रहा है। 43.46 करोड़ रुपये लागत वाले इस कॉलेज के निर्माण का जिम्मा सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइनिंग सर्विस) को मिला है। मगर, बजट के अभाव में वर्तमान सत्र में इसके पूर्ण होने की उम्मीद कम है। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर जयप्रकाश यादव के अनुसार मुख्य भवन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा टाइप वन आवास व गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण भी लगभग पूरा होने वाला है। बताया कि चहारदीवारी, ट्यूबवेल और वाटर हेड टैंक, टाइप एक, दो व तीन के आवासों के निर्माण को फाइनल टच दिया जा रहा है। इसके बाद ही भवन हैंडओवर किया जाएगा।
...
दस माध्यमिक कस्तूरबा भवन नहीं हुए तैयार
शासन ने दस माध्यमिक कस्तूरबा भवन की स्वीकृति तीन साल पहले दी थी। मगर, इस अवधि में एक भी भवन हस्तांतरित नहीं हो सका। बनकटी, कप्तानगंज और परशुरामपुर समेत तीन भवन बनकर तैयार हैं, मगर हस्तातंरण योग्य यह नहीं है। इसके अलावा सात कस्तूरबा विद्यालय भवन अभी अपूर्ण है। बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि नए कस्तूरबा विद्यालय भवनों के हस्तांतरण के लिए यूपी सिडको को पत्र लिखा गया है। मार्च में कुछ भवन स्थानांतरित हो जाएंगे। इनमें शैक्षिक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा।
..
कोट
संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय भवन के लिए संपूर्ण बजट आवंटित हो चुका है। मार्च में ही यह भवन हस्तांतरित हो जाएगा। अप्रैल से इस भवन में कार्यालय संचालित होना शुरू हो जाएगा।
ओम प्रकाश मिश्र, संयुक्त शिक्षा निदेशक, बस्ती मंडल