3472 की शासन को भेजी गई थी डीपीआर, 269 पाए गए मानक विहीन
डूडा ने जारी किया नोटिस, सप्ताह भीतर मांगी आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले की चार नई नगर पंचायतों में शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 3202 लोगों के लिए छत का इंतजाम हो गया है। हालांकि, 269 आवेदक अपात्र पाए गए हैं। इन्हें डूडा ने सप्ताह भर की मोहलत देते हुए आपत्ति मांगी है, ताकि उनके आवेदनों पर दोबारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अपात्र आवेदकों में इस सूचना से मायूसी छा गई है। वहीं आवास पाने वालों को दीपावली को तोहफा मिल गया है।
जिले की चार नई नगर पंचायतों नगर बाजार, मुंडेरवा, गनेशपुर व कप्तानगंज में प्रधानमंत्री आवास के लिए कुल 3472 शहरियों ने आवेदन कर आवास मिलने का इंतजार कर रहे थे। जिला नगरीय विकास अभिकरण ने अभियंताओं से डिटेल प्रोजक्ट रिपोर्ट तैयार कर राज्य नगरीय विकास अभिकरण को भेज दिया था। इनकी पत्रावलियों व मौके की जांच के दौरान पता चला कि नगर बाजार में 79, गनेशपुर में 72, कप्तानगंज में 24 व मुंडेरवा में कुल 94 आवेदक अपात्र पाए गए हैं।
इसका खुलासा जियो टैग के दौरान हुआ। वहीं 3202 को पात्र पाया गया। सूडा ने इन अपात्रों को एक बार फिर मौका देते हुए सप्ताह भीतर आपत्तियों को मांगा है, ताकि उनकी दोबारा जांच कर आगे की कार्रवाई की जा सके। डूडा की परियोजना अधिकारी सुनीता सिंह ने चारों नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को पत्र भेजकर अपात्रों की सूची नगर पंचायतों के कार्यालयों पर चस्पा कर उनसे आपत्तियों का विवरण तलब किया है।
...
कोट
नगर बाजार, गनेशपुर, कप्तानगंज व मुंडरेवा नगर पंचायत में शहरी प्रधानमंत्री आवास के 269 आवेदक अपात्र पाए गए हैं। सप्ताह भर के अंदर आपत्ति मांगी गई है। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- सुनीता सिंह, परियोजना अधिकारी, डूडा बस्ती