दुबौलिया क्षेत्र के लारा गांव में अज्ञात कारणों से झोपड़ी में लगी आग।
दुबौलिया (बस्ती)। दुबौलिया थानाक्षेत्र के लारा गांव में सोमवार को तड़के अज्ञात कारणों से रिहायशी छप्पर में आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर किसी तरह से काबू पाया गया। तब तक आठ हजार रुपये व गृहस्थी का सामान राख हो गया।
लारा गांव निवासी कुद्दूस के रिहायशी छप्पर में सोमवार भोर में करीब साढ़े चार बजे आग लग गई। लपटें देखकर परिवार के लोग जान बचाने के लिए बाहर भागकर निकल गए। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार सुन ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित कुद्दूस ने बताया कि आग में आठ हजार रुपये, तख्त, चारपाई, बिस्तर, अनाज, गैस सिलिंडर समेत गृहस्थी का अन्य सामान राख हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। राजस्व लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की।