नगर बाजार। नगर पंचायत नगर बाजार में व्यापक जनहित को देखते हुए हाउस टैक्स की वसूली फिलहाल स्थगित कर दी गई है। नगर पंचायत कार्यालय स्थित अटल भवन के अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह स्मृति सभागार में हुई बोर्ड की बैठक में अध्यक्ष नीलम सिंह राना के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। तय किया गया कि सर्वे में सामने आई अनियमितताओं को दूर करने के बाद शासन के निर्देशों के अनुसार नगर क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से न्यूनतम टैक्स वसूली निर्धारित की जाएगी। बैठक में लोक निर्माण विभाग की करीब आधा दर्जन सड़कों के पुनरुद्धार के लिए शासन को दोबारा पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवेदन ऑनलाइन कराने के लिए अब बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। नगर पंचायत कार्यालय में ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया। छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए एक माह के भीतर पशु पकड़ने का यंत्र खरीदने और पकड़े गए पशुओं को नगर पंचायत की गोशाला में रखने की व्यवस्था करने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए जांच टीमों से समन्वय कर कम से कम 2500 आवासों के आवेदन भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। नगर पंचायत की नगरीय जलापूर्ति टंकी को एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर कराने पर भी जोर दिया गया। नगर जूनियर हाईस्कूल में निर्माणाधीन अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला भवन को इसी माह विद्यार्थियों को समर्पित करने का निर्णय लिया गया। संवाद