रुधौली में बना है जिले का सबसे बड़ा आयुर्वेदिक चिकित्सालय
एक साथ भर्ती होकर इलाज करा सकेंगे गंभीर रोगों के 50 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के रुधौली क्षेत्र में स्थित 50 शैय्या आयुर्वेदिक अस्पताल कार्यदायी संस्था ने डीएम की पहल के बाद विभाग को हस्तांतरित कर दिया है। इस अस्पताल पर सात करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। अस्पताल में तमाम सुविधाएं हैं।
रुधौली तहसील मुख्यालय से सटे बखरिया गांव में बन कर तैयार राजकीय आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक चिकित्सालय का निर्माण 11 माह पहले पूरा हो चुका है लेकिन अभी तक आयुर्वेदिक विभाग इसका हस्तांतरण नहीं ले रहा था। इसको लेकर यूपी सिडको ने तमाम पत्राचार किया, मगर विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए थे। बृहस्पतिवार को इस मामले में डीएम अंद्रा वामसी व सीडीओ ने पहल करते हुए इसका हस्तांतरण विभाग को करा दिया। इस अस्पताल में एक साथ 50 मरीजों को भर्ती करने की सुविधा मिलेगी और मरीज इन दोनों चिकित्सा विधाओं के अतिरिक्त योगासन के जरिए रोगों से निजात पा सकेंगे।
30 अक्तूबर 2019 को शुरू हुए इस 5000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैले चिकित्सालय के निर्माण को पूरा करने के लिए शासन ने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को दो साल पहले यानी कि 30 अक्तूबर 2021 तक पूर्ण करने का समय दिया था। इसी बीच तकनीकी कारणों से इसके निर्माण की तिथि बढ़ा कर 30 अक्तूबर 2022 तक के लिए साल भर का अतिरिक्त समय दिया। यह चिकित्सालय अब जाकर अपने पूरे कलेवर में आ चुका है।
-
यह मिलेंगी सुविधाएं
6 करोड़ 94 लाख रुपये से निर्मित इस चिकित्सालय में कई ब्लॉक बनाए गए हैं, जिसमें आयुर्वेदिक ब्लॉक, यूनानी, होम्योपैथिक व योग ब्लॉकों का निर्माण किया गया है। जहां अलग-अलग चिकित्सीय विधाओं से मरीजों को स्वस्थ किया जाएगा। साथ ही ओपीडी का निर्माण कर बिजली व पानी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
-
विभाग को हस्तांतरित हुआ अस्पताल
यूपी सिडको के एक्सईएन आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि डीएम व सीडीओ की पहल पर आयुर्वेदिक विभाग ने इसका हस्तांतरण बृहस्पतिवार को ले लिया है।