बस्ती। न्यू अवध हास्पिटल, जामडीह कैली रोड पर शनिवार को जांच के लिए पहुंची टीम को अस्पताल गेट पर ताला लटकता हुआ मिला। अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। एसीएमओ डॉ. एके मिश्रा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि लालगंज थाना क्षेत्र के हेनौता गांव निवासी सुधा मिश्रा की इलाज के दौरान 25 मई 2023 को अस्पताल में मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने प्रसूता की हालत गंभीर होने के बाद भी रुपये के लालच में रेफर नहीं किया। लापरवाही के कारण उसकी मौत हो गई। परिजन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सर्जन डॉ. लवकुश सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। सीएमओ डॉ. आरपी मिश्र ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम का गठन किया है। टीम में एसीएमओ डॉ. एके मिश्रा, सर्जन डॉ. सुनील तिवारी व स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. ममता रानी शामिल हैं।विभागीय जानकारों के अनुसार अस्पताल के पंजीकरण के रिकार्ड में बतौर पूर्णकालिक चिकित्सक डॉ. अजय कुमार चौधरी, पार्ट टाइम सर्जन डॉ. लवकुश वर्मा तथा एक एएनएम व एक जीएनएम का नाम दर्ज है। टीम इन सभी लोगों से पूछताछ करेगी। जांच के लिए पहुंचे डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जांच की व समय निर्धारित करते हुए अस्पताल प्रबंधन को ई-मेल के माध्यम से सूचना दे दी गई थी। मौके पर कोई नहीं मिला है। दोबारा अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का भी बयान दर्ज किया जाएगा।