- सोने- चांदी, इलेक्ट्रानिक्स सामानों व कपड़े, गाड़ियों की खरीद बढ़ी
- ठंडे पड़े खरमास के बाजार में लगन की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। खरमास में ठंड़े पड़े बाजार में लगन के चलते गरमी आ गई है। कपड़े, गहने, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के साथ फर्नीचर और ऑटोमोबाइल के कारोबार में उछाल आई है। व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार लगन में पिछले साल की अपेक्षा 15 से 20 प्रतिशत अधिक कारोबार होगा। क्योंकि इस बार मई-जून में लगन नहीं है। जबकि जुलाई का लगन उतनी तेजी नहीं पकड़ पाती, फिर भी करीब 150 करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
खरमास में सन्नाटे के बाद कारोबार में अचानक उछाल आया है। सोने-चांदी का भाव चढ़ने के बावजूद खरीदारों की संख्या अधिक है। कपड़े की दुकानों में देखने और खरीदने वालों की भीड़ है। जिनके परिवार में बेटी की शादी हैं, वे इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों से पूरे सेट खरीद रहे हैं। साथ फर्नीचर में बेड, सोफा और आलमारी सहित अन्य सामानों की बिक्री भी ज्यादा हो रही है।
गांधीनगर में दूल्हे की टोपी, डाल व शृंगार के सामानों की मांग बढ़ गई है। दुकानदार अमित ने बताया कि जब चार माह की लगन होती थी तो जिले में करीब 80 से एक करोड़ का कारोबार होता था। जबकि इस बार लगन कम है तो भी 80 लाख रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
व्यापारियों के अनुसार, इस बार भले ही लगन कम है, लेकिन जिन्हें शादी करनी है, उन्होंने इसी कम लगन में शादी करने का निर्णय किया है। बाजार में लगन की तेजी शुरू हो गई है, जिन लोगों के घर शादियां नहीं हैं उनके सामने भी शादियों के निमंत्रण में सभी जगह पहुंचने की चुनौती है।
ज्योतिषविज्ञानी पं. मंगलाचार्य शास्त्री के अनुसार, अप्रैल में नौ लगन है। जबकि जुलाई में सात लगन है। मई-जून में गुरु-शुक्र अस्त है। इस कारण अप्रैल व जुलाई में 16 लगन में ही शादियां होंगी। 18 अप्रैल से लगन की शुरुआत हो रही है।
इलेक्ट्रानिक्स व्यवसायी अभिषेक गुप्ता ने कहा कि लगन में लोग इलेक्ट्रानिक्स सामान के पूरे सेट खरीद रहे हैं। इस कारण अचानक बिक्री बढ़ गई है। अप्रैल में नौ दिन लगन है, लेकिन बाजार में 12 से 15 दिन इसका असर रहेगा। 10 से 15 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
बाइक एजेंसी संचालक रवि चौधरी ने कहा कि खरमास बीतते ही नवरात्र और लगन के कारण बिक्री बढ़ गई है। जिन लोगों को मांगलिक कार्यक्रम के लिए वाहन खरीदना है वह लोग खरीदने के साथ मनपसंद मॉडल की बुकिंग भी कर रहे हैं। लगन से 10 करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है।
...
जब चार माह लगन होती थी तो जुलाई में कम शादियां होती थी, लेकिन इस बार अप्रैल व जुलाई दोनों में अधिक शादियां हो रही हैं। लगन में 50 करोड़ रुपये के कारोबार होने की संभावना है। यदि मई-जून में लगन होती तो 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होता।
-कुंदन लाल वर्मा, सराफा व्यवसायी
...
लगन के कारण कपड़े के व्यापार में तेजी आ गई है। चार माह लगन होगी तो 60 से 70 करोड़ रुपये का कारोबार होता। जबकि इस बार भी 30 करोड़ रुपये से अधिक कारोबार होगा। दूल्हे-दुल्हन के साथ परिवार के लोगों के लिए भी लोग कपड़े खरीद रहे हैं।
-संजय गाडिया, कपड़ा व्यवसायी