संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रंगों का पर्व होली शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हर कोई आपसी भेदभाव भुलाकर रंगों से सराबोर नजर आया। एक-दूसरे को रंग व गुलाल लगाने के साथ ही मिठाई खिलाकर त्योहार की मिठास का अहसास कराया। डीजे की धुन और होली गीतों पर युवाओं की टोली मस्ती में डूबी नजर आई। शाम को नए कपड़े पहनकर लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर होली की शुभकामनाएं दीं।
शहर के कंपनी बाग, गांधीनगर, मालवीय रोड, पुरानी बस्ती, पांडेय बाजार, अस्पताल चौराहा, कटरा, कचहरी सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर सुबह जब डीजे की धुन पर युवाओं की टोली निकली तो क्या बच्चे, क्या बूढ़े, सभी खुद को होली के हुड़दंग में शामिल होने से न रोक सके।
बड़ेवन, कटरा, कंपनी बाग, स्टेडियम कॉलोनी, रौता, रामेश्ववरपुरी, आवास विकास, मालवीय रोड, रंजीत कालोनी, बेलवाडाड़ी, विशुनपुरा, ओरीजोत, बभनगांवा, दक्षिण दरवाजा, मंगलबाजार, राजा बाजार, पांडेय बाजार, बरदहिया आदि मोहल्लों में जमकर होली खेली गई। सुबह से ही बच्चे, बूढ़े और नौजवान होली खेलते नजर आए। छोटे बच्चे पिचकारी में रंग भरकर घर के सामने से गुजरने वाले हर व्यक्ति को रंगों से सराबोर करने में लगे थे। कुछ लोग ढोल-मजीरे के साथ फगुआ गाते होली खेल रहे थे।
इस दौरान कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने एक-दूसरे के साथ कपड़ा फाड़ होली खेली। शाम को लोग नहा-धोकर घरों से बाहर निकले और अपने सगे संबंधियों के साथ ही मित्रों के घर पहुंचकर अबीर गुलाल लगाकर बड़ों का आशीर्वाद लिया। फगुआ और जोगीरा के बीच होली की मस्ती छाई रही। फिल्मी गीतों पर थिरकते कदम, तालियों की आवाज, रंगों की फुहार के बीच हर ओर बस बुरा न मानो होली है की धूम रही।
त्योहार में किसी प्रकार की खलल न होने पाए, इसके लिए पुलिस शहर में चक्कर काटती रही। हर चौराहे, हर बाजार के अलावा प्रमुख कॉलोनियों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सायरन की गूंज लोगों के सुरक्षित होने का अहसास दिलाती रही। देर शाम जब शहर की होली खेलने के बाद लोग अपनों का आशीर्वाद लेने एक-दूसरे के घर जाना शुरू किए तो माहौल और खुशनुमा हो गया।
-
ग्रामीणांचल में जमकर खेली गई होली
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले भर में होली का त्योहार उल्लास के साथ मनाया गया। गुलाल लगाकर एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। दिन भर पुलिस भ्रमण करती रही। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार नगर पालिका सहित देईसाड़, बानपुर, महादेवा, पाकरडाड़, महसों, डेल्हापार, बरहुआ आदि क्षेत्रों में होली खेली गई।
विक्रमजोत प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के धिरौली पांडेय, सरसंडा, नटौवा, विक्रमजोत, शंकरपुर, छावनी, अमोढ़ा, मलौली गोसांईं, पटखापुर, बस्थनवां, केशवपुर, कोहराएं, रजवापुर, केनौना, नगरा बदली में जमकर होली खेली गई। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा सहित फरेंदा सेंगर, महुआ लखनपुर, ओझागंज, बनहा, महुलानी, मानपुर, परिवारपुर, पेंदा, लँगड़ी, रखिया, पोखरा, कुढ़वा, ऐंठी, परसपुरा आदि क्षेत्रों में होली खेली गई।
हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा सहित पूरे क्षेत्र में धूमधाम से होली मनाई गई। इसके अलावा बभनान, रुधौली, भानुपर, पैकोलिया, परशुरामपुर, श्रृंगीगारी, कप्तानगंज, गोटवा, बहादुरपुर, लालगंज, नगर बाजार, वाल्टरगंज, गौर, मुंडेरवा, सल्टौआ आदि क्षेत्रों में भी होली मनाई गई।