प्रदर्शनी, संग्रहालय हॉल में लगाया जाएगा ऑडिओ विजुअल सिस्टम
- कार्ययोजना को अंतिम रूप देने में जुटे विभाग के इंजीनियर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। श्रीराम से जुड़ी वशिष्ठ नगरी बस्ती के गौरवशाली इतिहास को बीडीए संजोने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वह कार्यालय में विजिटर गैलरी डिजाइन की है। इसके पहले चरण में प्रदर्शनी, संग्रहालय हॉल, ऑडिओ विजुअल रूम, और नागरिकों के लिए जिम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अलग से सेल्फी प्वाइंट व पार्किंग की सुविधा भी होगी।
विजिटर गैलरी से जनपद के गौरवशाली इतिहास की जानकारी चंद मिनटों में हासिल की जा सकेगी। आम लोग वर्षों के इतिहास से रूबरू हो सकेंगे। गैलरी में वशिष्ठ नगरी के इतिहास को परिचित कराने के लिए बीडीए सचिव एडीएम कमलेश बाजपेयी ने प्राधिकरण के इंजीनियरों को प्रोजेक्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी है।
..
गैलरी की होगी ये विशेषताएं
अमर शहीद सेनानियों से जुड़ी सामग्रियों व जनपद की स्थापना से संबंधित इतिहास को छह अलग-अलग इकाई में प्रदर्शित किया जाएगा। उनसे जुड़ी यादों को संजोया जाएगा। विजिटर गैलरी में 22 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता का एक दृश्य-श्रव्य कक्ष भी होगा। इसमें जनपद के वर्षों के इतिहास के बारे में 15 मिनट का वीडियो दिखाया जाएगा। विजिटर गैलरी के लिए एक वेबसाइट भी तैयार कराई जा रही है। ताकि इसका प्रयोग कर व्यक्ति विजिटर गैलरी से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सके।