यहां भगवान भरोसे एटीएम की सुरक्षा, गार्ड तक तैनात नहीं
- जिले में करीब 115 एटीएम हैं, अधिकतर बिना सुरक्षा गार्ड के
- पिछले महीने हो चुकी है एटीएम काटकर चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि आबादी के बीचोबीच एटीएम को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को आसानी से अंजाम दे रहे हैं। जिले में करीब 115 एटीएम हैं, लेकिन 70 फीसद ऐसे हैं, जहां सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। कप्तानगंज के ऐसे ही एक एटीएम पर पिछले महीने गैस कटर से मशीन काटकर चोरी की घटना हो चुकी है। छावनी में एटीएम काटने का चोर प्रयास कर चुके हैं। बावजूद इसके एटीएम की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई देती है। बुधवार को शहर के कई एटीएम की पड़ताल में ज्यादातर की सुरक्षा भगवान भरोसे मिली।
कंपनीबाग पर लगे एचडीएफसी बैंक के एटीएम, गांधीनगर में आईसीआईसीआई, मालवीय रोड पर पंजाब नेशनल बैंक आदि के एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड नहीं मिला। यही हाल नगर पंचायत मुख्यालयों/कस्बों में लगे एटीएम का भी है। छावनी पुलिस ने पिछले हफ्ते कप्तानगंज में एटीएम काटकर की गई चोरी की घटना में जिन बदमाशों को पकड़ा था, सभी ने बताया था कि वे उन्हीं एटीएम को निशाना बनाते हैं, जहां गार्ड मौजूद नहीं होता है। जानकार बताते हैं कि एटीएम में सुरक्षा गार्ड नहीं होने की वजह से अपराधी आसानी से एटीएम क्लोनिंग, एटीएम स्विच बंद कर सहित अन्य तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इतना ही नहीं गार्ड न होने की वजह से अपराधी रात के वक्त अगर कोई पैसे निकालकर बाहर निकलता है तो उससे पैसे छीन ले रहे हैं। जिले में इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं।
-
सुरक्षा गार्ड न होने से बढ़ रहे ठगी के मामले
- एटीएम में सुरक्षा गार्ड न होने के कारण ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। एटीएम से पैसे निकालने के अनजान लोग ठगों का शिकार हो रहे हैं। इस तरह का धंधा करने वाले लोग एटीएम में बैठे रहते हैं, जैसे ही कोई अनजान व्यक्ति आता है तो सहायता करने के बहाने एटीएम कार्ड बदल लेते हैं और इसके बाद दूसरे एटीएम में जाकर पैसे निकाल लेते हैं। इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद बैंक प्रबंधन इस ओर से गंभीर नहीं है।
-
सभी जगह अनिवार्य है सुरक्षा गार्ड
- एसपी आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस की गश्त और पैदल भ्रमण के दौरान प्रमुख एटीएम की निगरानी की जाती है। हालांकि सभी एटीएम पर सुरक्षा गार्ड होने चाहिए। बैंक प्रबंधकों के साथ पुलिस की मीटिंग हुई है। सभी बैंकों को अनिवार्य रूप से एटीएम में सुरक्षा गार्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।