वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले छिप गए
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बक्सर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में हिरनों के झुंड को देखा गया। गांव में हिरनों का झुंड देखकर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
गांव के आसपास व मुख्य सड़क के किनारे दर्जनों हिरन घूमते दिखाई दिए। कभी-कभार यह झुंड में भटककर गांव में पहुंच जा रहे हैं। गांव निवासी बृजेश पांडेय ने इसकी सूचना वन विभाग, उप जिलाधिकारी बस्ती व नगर पुलिस को दी। पिछले कई वर्षों से विलुप्त हो चुके हिरनों को देखकर लोगों में कौतुहल बना हुआ है।कुछ किसानों ने बताया कि हिरनों को देखकर खुशी तो हो रही है, लेकिन अचानक बड़ी संख्या में पहुंचे हिरनों से फसलों का भी नुकसान होने का अंदेशा बना हुआ है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। क्योंकि कर्मियों के पहुंचने से पहले हिरनों का झुंड अपना स्थान बदलकर छिप गया था।